गुरुग्राम। दिल्ली की रोहिणी कोर्ट ने तिहाड़ जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी को मानवीय आधार पर बड़ी राहत देते हुए चार घंटे की कस्टडी पैरोल मंजूर की है। इस दौरान वह पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच गुरुग्राम के एक अस्पताल में अपनी पत्नी और हाल ही में जन्मी जुड़वा बेटियों से मुलाकात करेगा। सुरक्षा कारणों से अस्पताल और मुलाकात का स्थान गोपनीय रखा गया है।

IVF के जरिए जुड़वा बेटियों का हुआ जन्म

जानकारी के अनुसार, काला जठेड़ी की पत्नी अनुराधा चौधरी, जिन्हें ‘लेडी डॉन’ के नाम से भी जाना जाता है, ने हाल ही में IVF (इन विट्रो फर्टिलाइजेशन) प्रक्रिया के माध्यम से जुड़वा बेटियों को जन्म दिया है। गर्भधारण की इस प्रक्रिया के लिए पहले अदालत से अनुमति ली गई थी। प्रसव के दौरान अनुराधा की तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने आपातकालीन सी-सेक्शन कर डिलीवरी कराई।

मेडिकल रिकॉर्ड की जांच के बाद कोर्ट ने दी अनुमति

काला जठेड़ी के वकील रोहित कुमार दलाल ने अदालत में तत्काल कस्टडी पैरोल की याचिका दायर की थी। स्पेशल मकोका (MCOCA) कोर्ट ने अस्पताल और मेडिकल रिकॉर्ड की जांच के बाद मां और नवजात बच्चियों की स्थिति की पुष्टि की। इसके बाद अदालत ने मानवीय आधार पर पिता को अपनी बेटियों से मिलने की अनुमति दे दी।

अदालत ने स्पष्ट किया कि यह राहत केवल मानवीय आधार पर दी गई है और इससे गैंगस्टर के खिलाफ लंबित आपराधिक मामलों या न्यायिक प्रक्रिया पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

भारी सुरक्षा के बीच होगी मुलाकात

मुलाकात के दौरान दिल्ली और हरियाणा पुलिस की संयुक्त टीम सुरक्षा व्यवस्था संभालेगी। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे और किसी भी बाहरी व्यक्ति को अस्पताल परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

2024 में भी पैरोल पर हुई थी शादी

गौरतलब है कि सोनीपत के जठेड़ी गांव निवासी संदीप उर्फ काला जठेड़ी ने 12 मार्च 2024 को अनुराधा चौधरी से दिल्ली में शादी की थी। उस समय भी रोहिणी कोर्ट ने उसे छह घंटे की कस्टडी पैरोल दी थी। शादी समारोह के दौरान 250 से अधिक पुलिसकर्मी और कमांडो सुरक्षा में तैनात किए गए थे।

30 से अधिक संगीन मामलों का आरोपी

काला जठेड़ी के खिलाफ दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में हत्या, रंगदारी, जमीन कब्जाने सहित 30 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्तमान में वह तिहाड़ जेल में बंद है और विभिन्न मामलों में न्यायिक प्रक्रिया का सामना कर रहा है।