झज्जर। हरियाणा और दिल्ली के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से डीएपी खाद की कमी से जूझ रहे किसानों को जल्द राहत मिलने वाली है। गुजरात के कांडला और मुंद्रा बंदरगाहों पर डीएपी खाद से लदे दो बड़े विदेशी जहाज पहुंच चुके हैं, जिसके बाद विभिन्न राज्यों में खाद की आपूर्ति तेज कर दी गई है।
इसी कड़ी में कांडला बंदरगाह से करीब 2700 मीट्रिक टन डीएपी खाद लेकर एक मालगाड़ी हरियाणा के झज्जर पहुंच चुकी है। अधिकारियों के मुताबिक, खाद की यह खेप जल्द ही विभिन्न जिलों में भेजी जाएगी ताकि किसानों को समय पर डीएपी उपलब्ध हो सके।
लंबी लाइनों से मिलेगी मुक्ति
प्रदेश में खरीफ सीजन की तैयारियों के बीच डीएपी खाद की कमी किसानों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई थी। कई स्थानों पर किसानों को खाद के लिए लंबी कतारों में लगना पड़ रहा था। ऐसे में नई खेप पहुंचने से किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
कालाबाजारी रोकने के निर्देश
कृषि विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में डीएपी की अन्य खेपें भी हरियाणा पहुंचेंगी। सरकार ने खाद वितरण व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने और कालाबाजारी रोकने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का दावा है कि पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध होने से खरीफ फसलों की बुवाई प्रभावित नहीं होगी और किसानों को जरूरत के अनुसार डीएपी उपलब्ध कराई जाएगी।

