चंडीगढ़। हरियाणा बीजेपी ने प्रदेश स्तर पर नई नियुक्तियों की एक बड़ी लिस्ट जारी कर दी है। संगठन को मजबूत करने के इरादे से कई नेताओं का कद बढ़ाया गया है। प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर अर्चना गुप्ता ने राष्ट्रीय अध्यक्ष की सहमति से इस सूची को मंजूरी दी है। इस फेरबदल में 8 प्रदेश उपाध्यक्ष, 3 प्रदेश महामंत्री और 9 प्रदेश मंत्री नियुक्त किए गए हैं।

कुलदीप बिश्नोई का दांव पड़ा सही
इस नई लिस्ट के आने के बाद अंदरखाने की राजनीति भी सामने आ गई है। पार्टी में लगातार नाराज चल रहे कुलदीप बिश्नोई आखिरकार अपने बेटे भव्य बिश्नोई को संगठन में जगह दिलाने में कामयाब हो गए हैं। पिछले दिनों विवादों के बीच मुख्यमंत्री खुद कुलदीप बिश्नोई को मनाने उनके घर पहुंचे थे। इस राजनीतिक दबाव का असर यह हुआ कि भव्य बिश्नोई को प्रदेश उपाध्यक्ष की कुर्सी दी गई है।
राव इंद्रजीत से तल्खी के बीच बड़ा फैसला
दूसरी तरफ अहीरवाल इलाके में भी बड़ा सियासी दांव खेला गया है। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत के साथ प्रोटोकॉल विवाद में उलझे रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण यादव का कद भी बढ़ा दिया गया है। पार्टी ने उन्हें भी प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया है। लक्ष्मण यादव और राव इंद्रजीत के बीच दूरियां जगजाहिर थीं, लेकिन पार्टी ने विधायक के पक्ष में दांव खेलकर सबको चौंका दिया है।
इन दिग्गजों को भी सौंपी गई कमान
इसके अलावा पंचकूला से लतिका शर्मा और पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल को भी उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई है। तीन नेताओं गोपाल शर्मा, सत्यप्रकाश जरावता और वेद फुल्ला को प्रदेश महामंत्री का पद सौंपा गया है। इस नई टीम के जरिए पार्टी आगामी दिनों में जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ और मजबूत करने की तैयारी कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

