चंडीगढ़। हरियाणा सरकार के बिजली विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम मुख्यालय हिसार से जारी आदेशों के अनुसार 13 कार्यकारी अभियंताओं को पदोन्नत करते हुए अधीक्षण अभियंता के पद पर नई तैनाती दी गई है। इस बदलाव से विभाग में काम काज और प्रशासनिक गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है।
हिसार पर दिखा सबसे ज्यादा असर
इस प्रशासनिक फेरबदल में सबसे अधिक असर हिसार क्षेत्र पर देखने को मिला है। कई अधिकारियों को प्रमोशन के साथ महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कुछ अधिकारियों को सीधे हिसार मुख्यालय में ही नई पोस्टिंग दी गई है। प्रबंध निदेशक की मंजूरी के बाद जारी किए गए ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। पदोन्नत होने वाले सभी अधिकारी एक वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर रहेंगे और उन्हें तय समय के भीतर अपनी नई जगह पर कार्यभार संभालना होगा।
इन अधिकारियों को मिली नई तैनाती
सरकार की तरफ से जारी सूची के अनुसार विजय पाल को रेवाड़ी, प्रवीण यादव को गुरुग्राम, अमित कम्बोज को फरीदाबाद, आशुतोष कुमार पांचाल को सिरसा और जितेंद्र सिंह धुल को भिवानी भेजा गया है। वहीं दूसरी तरफ विभागीय कार्रवाई लंबित होने के कारण दिनेश शर्मा और शमशेर सिंह की पदोन्नति फिलहाल रोक दी गई है।

अतिरिक्त जिम्मेदारियों का भी ऐलान
इसके अलावा कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपे गए हैं। विजेंद्र सिंह को अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है, जबकि अविनाश यादव को सिविल विंग का अतिरिक्त प्रभार मिला है। विकास कादियान अपनी मौजूदा जिम्मेदारी के साथ सूचना प्रौद्योगिकी विभाग का कार्य भी संभालेंगे। सरकार के इस कदम से बिजली सेवाओं को और बेहतर बनाने की कोशिश की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


