कैथल। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी एसीबी की अंबाला इकाई ने एक बड़े मामले का खुलासा किया है. टीम ने उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के सीवन कार्यालय में कार्यरत एलडीसी संदीप कुमार को पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है. इस अचानक हुई कार्रवाई से बिजली विभाग के दफ्तर में हड़कंप मच गया है.

शिकायतकर्ता उज्ज्वल भारत सोलर पावर फर्म के मालिक हैं. उन्होंने एसीबी को शिकायत दी थी कि उनके दो ग्राहकों के सोलर पैनल लगाने के बाद उनकी फाइलों को मंजूरी दिलाने और नया बिजली मीटर जारी करने के एवज में कार्यालय का कर्मचारी पांच हजार रुपए की अवैध रिश्वत मांग रहा है. शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने पूरी योजना के तहत ट्रैप लगाया और आरोपी को दबोच लिया.

विजिलेंस टीम ने सबसे पहले इसकी पुष्टि की

शिकायत मिलने पर विजिलेंस टीम ने सबसे पहले इसकी पुष्टि की और उसके बाद सीवन कार्यालय में छापा मारा. टीम ने आरोपी कर्मचारी को पांच हजार रुपए की नकदी स्वीकार करते हुए मौके पर ही पकड़ लिया. इस कार्रवाई के तुरंत बाद आरोपी को पूछताछ के लिए अपने साथ ले जाया गया. बिजली निगम के कार्यालय में इस घटना के बाद से सभी कर्मचारियों के बीच खलबली मची हुई है.

आरोपी संदीप कुमार कैथल के मॉडल टाउन इलाके का रहने वाला

आरोपी संदीप कुमार कैथल के मॉडल टाउन इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है. एसीबी अंबाला थाने में इस मामले के तहत केस दर्ज कर लिया गया है. आरोपी पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

मामले की जांच कर रहे इंस्पेक्टर दलबीर सिंह ने बताया कि शुरुआती शिकायत सही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है. अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है. जांच के दौरान यदि इस गड़बड़ी में किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी का नाम सामने आता है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m