० अभय चौटाला की मौजूदगी में थामा इनेलो का दामन, बोले- राई से पूरे सोनीपत में संगठन को करेंगे मजबूत

सोनीपत। हरियाणा की राजनीति में मंगलवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला। जननायक जनता पार्टी (JJP) को राई विधानसभा क्षेत्र में उस समय बड़ा झटका लगा, जब पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष, पूर्व चेयरमैन और राई से पूर्व प्रत्याशी अजीत आंतिल खेवड़ा ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ JJP छोड़कर इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) का दामन थाम लिया।

खेवड़ा गांव में आयोजित कार्यक्रम में INLD के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला की मौजूदगी में अजीत आंतिल और उनके समर्थकों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान अभय चौटाला ने सभी नए सदस्यों का पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया।


इनेलो संगठन को मजबूत करने पूरी ताकत से करेंगे काम
पार्टी में शामिल होने के बाद अजीत आंतिल ने कहा कि वे जननायक चौधरी देवीलाल की विचारधारा और पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के बताए मार्ग पर चलते हुए राई हलके समेत पूरे सोनीपत जिले में इनेलो संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे।

जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे युवाओं के लिए जताया समर्थन
वहीं, अभय सिंह चौटाला ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था और जनहित के मुद्दों की लगातार अनदेखी हो रही है। उन्होंने जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे युवाओं का समर्थन जताते हुए कहा कि उनकी मांगों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने SYL, बुढ़ापा पेंशन और अन्य जनहित के मुद्दों पर भी सरकार को घेरा।

अभय चौटाला ने विश्वास जताया कि अजीत आंतिल और उनके समर्थकों के पार्टी में शामिल होने से सोनीपत जिले, विशेषकर राई विधानसभा क्षेत्र में इनेलो संगठन को नई मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर इनेलो के जिला अध्यक्ष कुणाल गहलावत सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे।