० परिवार धार्मिक यात्रा पर गया, पीछे से बदमाशों ने घर का ताला तोड़कर दिया वारदात को अंजाम
शहजादपुर। हरियाणा के शहजादपुर क्षेत्र में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत और सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है।
गांव शहजादपुर माजरा निवासी डॉ. विवेक बराड़ अपने परिवार के साथ 30 मई की रात धार्मिक स्थल ब्यास गए हुए थे। घर बंद होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़ा और लोहे का सुरक्षा जाल उखाड़कर अंदर प्रवेश कर गए।
चोरों ने घर में रखी अलमारी और तिजोरी के ताले तोड़कर करीब 40 तोला सोने के आभूषण, 5 किलोग्राम चांदी के जेवरात तथा 11 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। बताया जा रहा है कि ये आभूषण परिवार ने शादी और अन्य पारिवारिक आयोजनों के लिए संजोकर रखे थे।
घर लौटे तो उड़ गए होश
घटना का खुलासा तब हुआ जब डॉ. विवेक बराड़ 31 मई की रात करीब 9:45 बजे घर लौटे। मुख्य दरवाजा खोलते ही उन्होंने देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा है, सुरक्षा जाल उखड़ा हुआ है और अलमारी-तिजोरी के ताले टूटे हुए हैं। जांच करने पर सोना, चांदी और नकदी गायब मिली।
पीड़ित ने तुरंत पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
थाना प्रभारी ओमचंद ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच की जिम्मेदारी सहायक उप-निरीक्षक संदीप कुमार को सौंपी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा और चोरी गया सामान बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।
ग्रामीणों में बढ़ी चिंता
एक ही वारदात में करोड़ों नहीं तो लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी और नकदी की चोरी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और चोरों तक पहुंचने के लिए तकनीकी व स्थानीय दोनों स्तरों पर सुराग जुटाए जा रहे हैं।

