रांची। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 में शामिल होने वाले लाखों अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा केंद्रों को लेकर अहम अपडेट सामने आया है। परीक्षा केंद्रों के चयन की प्रक्रिया अब अंतिम दौर में है। जिला प्रशासन की ओर से केंद्रों की सूची तैयार कर झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) को रिपोर्ट भेज दी गई है।

गृह जिले में नहीं मिलेगा परीक्षा केंद्र

JTET के आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों से परीक्षा केंद्र के लिए जिले की पसंद मांगी गई थी। नियम के मुताबिक अभ्यर्थी अपने गृह जिले को छोड़कर राज्य के किसी अन्य जिले का विकल्प चुन सकते थे।इसी आधार पर प्राप्त विकल्पों के अनुसार जिलों में परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

4.40 लाख आवेदन, 1000 से ज्यादा सेंटर

इस बार JTET के लिए करीब 4.40 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं। परीक्षार्थियों की बड़ी संख्या को देखते हुए राज्यभर में 1000 से अधिक केंद्र बनाए जाने की तैयारी है।परीक्षा एक ही दिन दो पालियों में आयोजित किए जाने की योजना है, जिससे बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल कराया जा सके।

नकल रोकने के लिए CCTV जरूरी

परीक्षा की व्यवस्था को पारदर्शी और कदाचारमुक्त रखने के लिए केंद्रों के चयन में CCTV की उपलब्धता को प्रमुख शर्त बनाया गया है। जिन स्कूल-कॉलेजों में CCTV कैमरे उपलब्ध हैं, उन्हें परीक्षा केंद्र के लिए चुना गया है।

परीक्षा के दौरान केंद्रों की गतिविधियों पर कैमरों के जरिए नजर रखी जाएगी, ताकि नकल या किसी अन्य गड़बड़ी की स्थिति को समय रहते रोका जा सके।

अब JAC की अंतिम तैयारी पर नजर

जिला स्तर से केंद्रों की रिपोर्ट भेजे जाने के बाद अब JAC की ओर से आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र, तारीख, पाली और अन्य जरूरी निर्देशों से संबंधित आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।