कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। होटल में ऑर्डर देने में देरी को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गया। मामला मुरार थाना क्षेत्र के मोहनपुर रोड स्थित होटल ग्लोरी का है, जहां होटल कर्मचारी से विवाद के बाद युवक ने पहले मारपीट की और बाद में अपने पिता और साथियों के साथ लौटकर फायरिंग कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
बड़ी खबरः डिप्टी कलेक्टर अरविंद माहौर पर दुष्कर्म का मामला दर्ज, पुलिस ने किया गिरफ्तार
देर रात होटल ग्लोरी की घटना
दरअसल होटल ग्लोरी पर रात बडागांव निवासी सुमित यादव, पिता संजय खाना खाने पहुंचा था। उस समय होटल का संचालन मैनेजर रोहित राजपूत देख रहा था। बताया जा रहा है कि सुमित ने खाने का ऑर्डर दिया, लेकिन मैनेजर को दूसरे ग्राहकों में व्यस्त होने के कारण ऑर्डर लेने में कुछ देरी हो गई। ऑर्डर में देरी होने पर सुमित भड़क गया और उसने मैनेजर रोहित पर हमला कर दिया। आरोप है कि उसने पहले रोहित को थप्पड़ मारे और फिर उसका गला दबाने लगा। बीच-बचाव करने आए होटल कर्मचारी सुमित लोधी के साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद आरोपी वहां से चला गया।
संजय, सुमित और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला
होटल संचालक ने पुलिस को बताया कुछ देर बाद सुमित अपने पिता संजय और अन्य साथियों के साथ दोबारा होटल पहुंचा। इस दौरान आरोपियों ने होटल पर उत्पात मचाया और फायरिंग की। गोली चलने की घटना से होटल और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने संजय, सुमित और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है और तलाश जारी है।

