Lifestyle Desk: आज की तेज़ रफ्तार जिंदगी में अनियमित खानपान और जंक फूड का बढ़ता चलन लोगों की सेहत पर असर डाल रहा है। खासकर डाइट में फाइबर की कमी के कारण कब्ज, अपच, गैस, पेट फूलना और पाचन संबंधी कई समस्याएं आम हो गई हैं। रोज़ाना संतुलित मात्रा में फाइबर का सेवन पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने के साथ-साथ वजन नियंत्रित करने और लंबे समय तक पेट भरा रखने में भी मदद करता है। ऐसे में कॉर्न यानी मक्का एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है।बारिश के मौसम में तो बहुत बढ़िया स्वीट कॉर्न बाज़ार में आते हैं। जिसे खाकर इसका फ़ायदा जरूर लेना चाहिए।

कॉर्न में फाइबर के अलावा कार्बोहाइड्रेट, विटामिन बी कॉम्प्लेक्स, मैग्नीशियम, फॉस्फोरस और कई तरह के एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। यह शरीर को ऊर्जा देने के साथ-साथ पाचन प्रक्रिया को बेहतर बनाने में भी मदद करता है। यदि इसे संतुलित मात्रा में नियमित डाइट का हिस्सा बनाया जाए, तो यह एक हेल्दी और पौष्टिक विकल्प साबित हो सकता है तो आइए जानते हैं इसे कैसे डाइट में शामिल कर सकते हैं।

कॉर्न से तैयार करें ये हेल्दी स्नैक्स

कॉर्न चाट
उबले हुए स्वीट कॉर्न में बारीक कटे टमाटर, खीरा, प्याज, हरा धनिया, नींबू का रस और हल्का चाट मसाला मिलाकर स्वादिष्ट और पौष्टिक चाट तैयार की जा सकती है। यह शाम की भूख मिटाने के लिए एक हेल्दी स्नैक है।

कॉर्न सलाद
कॉर्न को शिमला मिर्च, खीरा, गाजर, लेट्यूस और स्प्राउट्स के साथ मिलाकर सलाद बनाया जा सकता है। इसमें ऑलिव ऑयल और नींबू का रस मिलाने से इसका स्वाद और पोषण दोनों बढ़ जाते हैं।

कॉर्न सैंडविच
होल व्हीट ब्रेड में उबला हुआ कॉर्न, पनीर या लो-फैट चीज़, शिमला मिर्च और हरी चटनी डालकर हेल्दी सैंडविच तैयार किया जा सकता है। यह बच्चों और बड़ों दोनों के लिए अच्छा विकल्प है।

कॉर्न टिक्की
उबले कॉर्न में ओट्स, उबला आलू, हरी सब्जियां और मसाले मिलाकर कम तेल में टिक्की तैयार करें। इसे दही या हरी चटनी के साथ परोसा जा सकता है।

भुना हुआ कॉर्न
बारिश के मौसम में पसंद किया जाने वाला भुना हुआ कॉर्न भी एक हेल्दी स्नैक है। इसमें सिर्फ नींबू, काला नमक और हल्का मसाला डालकर खाया जा सकता है।

कॉर्न को और पौष्टिक कैसे बनाएं?

कॉर्न को अधिक पौष्टिक बनाने के लिए इसे प्रोटीन और अन्य पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों के साथ मिलाकर खाएं। कॉर्न में पनीर, उबले चने, राजमा, मूंग स्प्राउट्स या दही मिलाने से इसका न्यूट्रिशन वैल्यू बढ़ जाती है। इसके अलावा, इसमें ताजी सब्जियां जैसे खीरा, टमाटर, गाजर और शिमला मिर्च शामिल करने से विटामिन और मिनरल्स की मात्रा भी बढ़ती है। मक्खन और ज्यादा नमक की जगह नींबू, काली मिर्च और ताजी जड़ी-बूटियों का इस्तेमाल करना बेहतर माना जाता है।

कॉर्न खाते समय रखें इन बातों का ध्यान

1-कॉर्न भले ही पोषण से भरपूर हो, लेकिन इसका सेवन हमेशा संतुलित मात्रा में करना चाहिए। जरूरत से ज्यादा कॉर्न खाने से अतिरिक्त कैलोरी और कार्बोहाइड्रेट का सेवन बढ़ सकता है।
2-पैकेट वाले फ्लेवर कॉर्न या ज्यादा मक्खन और नमक वाले कॉर्न की बजाय उबला या भुना हुआ कॉर्न चुनना बेहतर होता है।
3-यदि किसी व्यक्ति को पाचन संबंधी विशेष समस्या, मधुमेह या किसी प्रकार की एलर्जी है, तो अपनी डाइट में नियमित रूप से कॉर्न शामिल करने से पहले डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह लेना उचित रहेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m