Lifestyle Desk – सावन का पावन महीना शुरू हो चुका है और भगवान शिव के भक्त सोमवार व्रत की तैयारियों में जुट जाते हैं। व्रत के दौरान दिनभर ऊर्जा बनाए रखने के लिए ऐसा भोजन चुनना जरूरी होता है, जो हल्का होने के साथ पोषण से भरपूर भी हो। ऐसे में मखाने की खीर एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती है। खास बात यह है कि इसे बिना चीनी और गुड़ के भी स्वादिष्ट बनाया जा सकता है। खजूर जैसी प्राकृतिक मिठास और दूध के पोषण से तैयार यह खीर न केवल स्वाद बढ़ाती है, बल्कि शरीर को जरूरी ऊर्जा और कैल्शियम भी देती है। यदि आप इस सावन व्रत में कुछ हेल्दी, आसान और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो मखाने की यह खीर आपकी व्रत की थाली में जरूर शामिल होनी चाहिए। आइए जानते हैं इसकी रेसिपी।

सामग्री
मखाने-2 कप
फुल क्रीम या टोंड दूध-500 मि.ली.
खजूर -6–8 बीज निकाले हुए (10–15 मिनट गुनगुने दूध या पानी में भिगोए हुए)
बादाम-8–10
काजू-8–10
चम्मच पिस्ता -1–2 बड़े (बारीक कटे हुए)
इलायची पाउडर-½ छोटा चम्मच
देसी घी-1 छोटा चम्मच
कुछ केसर के धागे (वैकल्पिक)
विधि
- सबसे पहले एक पैन में घी डालकर मखानों को 4–5 मिनट तक हल्का सुनहरा और कुरकुरा होने तक भून लें।ठंडा होने पर आधे मखानों को मोटा-मोटा तोड़ लें या हल्का दरदरा पीस लें।
- एक बर्तन में दूध उबालें और धीमी आंच पर 8–10 मिनट तक पकाएं।भीगे हुए खजूर को थोड़ा-सा दूध डालकर मिक्सी में पीसकर मुलायम पेस्ट बना लें।
- उबलते दूध में मखाने डालें और 5–7 मिनट तक पकाएं ताकि वे नरम हो जाएं।अब इसमें खजूर का पेस्ट मिलाएं और 2–3 मिनट तक लगातार चलाते हुए पकाएं।
- इलायची पाउडर, बादाम, काजू, पिस्ता और चाहें तो केसर डालकर 2 मिनट और पकाएं।गैस बंद करें। खीर को गर्मागर्म या ठंडा करके परोसें।
इसे और हेल्दी बनाने के सुझाव
- अतिरिक्त मिठास के लिए पके केले की मैश की हुई प्यूरी या थोड़ी-सी सेब की प्यूरी भी मिला सकते हैं।
- अगर व्रत के नियमों में अनुमति हो, तो लो-फैट दूध का उपयोग भी किया जा सकता है।
- अधिक प्रोटीन के लिए दूध को थोड़ा गाढ़ा होने तक पकाएं।
फायदे
- प्राकृतिक मिठास होने के कारण इसमें रिफाइंड चीनी या गुड़ की जरूरत नहीं पड़ती।
- मखाने कैल्शियम, प्रोटीन और एंटीऑक्सीडेंट्स का अच्छा स्रोत हैं।
- दूध से प्रोटीन और कैल्शियम मिलता है, जिससे लंबे समय तक तृप्ति का एहसास हो सकता है।
- व्रत के दौरान यह हल्का, पौष्टिक और ऊर्जा देने वाला विकल्प हो सकता है।


