राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में सत्रारंभ अभ्युदय कार्यक्रम भव्य तरीके से संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिरकत की। कार्यक्रम में प्रसिद्ध साहित्यकार और कलाकार पीयूष मिश्रा समेत 50 से अधिक हस्तियां शामिल हुईं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले 36 वर्षों में माखनलाल विश्वविद्यालय से निकली प्रतिभाओं ने देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय न केवल देश में बल्कि दुनिया में भी अपनी विशेष पहचान रखता है। 

READ MORE: 12 करोड़ के ऑनलाइन गेमिंग स्कैम में HC की फटकार! रसूखदारों को बचाने पर भड़की अदालत, DGP को जांच के निर्देश

पत्रकारिता को लोकतंत्र की सबसे बड़ी धार बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारों के लिए यह संस्थान पवित्र मंदिर जैसा है। विश्वविद्यालय से निकले पत्रकारों ने देश और दुनिया में अपनी साख और धाक बनाई है। डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट किया कि माखनलाल विश्वविद्यालय के विकास के लिए राज्य सरकार लगातार संकल्पबद्ध है। आगे भी विश्वविद्यालय के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों, छात्रों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। पूरा आयोजन सत्र के शुभारंभ और पत्रकारिता शिक्षा के महत्व को रेखांकित करने वाला रहा।

कांग्रेस ने कार्यक्रम को लेकर साधा निशाना

वहीँ माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय के सत्रारंभ अभ्युदय कार्यक्रम को लेकर सियासत भी गरमा गई है। यूनिवर्सिटी संचालक मंडल के सदस्य नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को कार्यक्रम में न बुलाने को लेकर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने सवाल उठाए हैं। दिग्विजय ने सोशल मीडिया पर लिखा कि मुख्यमंत्री जी, उप कुलपति जी आप और किसी को बुलाएं ना बुलाए तो समझ में आता है। पर मध्यप्रदेश कांग्रेस के विपक्ष के नेता उमंग सिंघार जो आपके संचालक मंडल के सदस्य हैं, उनको बुलाने में आप को क्या आपत्ति है? मैं आप के इस निर्णय की घोर निंदा करता हूँ। आप सार्वजनिक तौर पर माफ़ी मांगें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m