नई दिल्ली: मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम का भारतीय संगीत और बॉलीवुड के प्रति प्रेम एक बार फिर देखने को मिला। शनिवार को नई दिल्ली में आयोजित BRICS समिट के डिनर में उन्होंने किशोर कुमार का मशहूर गाना ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत…’ गाया। इसके बाद उन्होंने मुकेश का सदाबहार गीत ‘दोस्त दोस्त ना रहा’ भी गुनगुनाया।
अनवर इब्राहिम ने इस खास पल का करीब डेढ़ मिनट का वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, “गुरु, थोड़ा सा गाने की इजाजत है?” उनके इस अंदाज ने भारतीय संगीत प्रेमियों का ध्यान खींचा।
किशोर कुमार के फैन हैं अनवर इब्राहिम
अनवर इब्राहिम पहले भी किशोर कुमार के प्रति अपनी पसंद जाहिर कर चुके हैं। ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत’ 1965 की फिल्म ‘तीन देवियां’ का लोकप्रिय गीत है। इसे किशोर कुमार ने आवाज दी थी, जबकि संगीत एसडी बर्मन और गीत मजरूह सुल्तानपुरी ने लिखा था। वहीं, ‘दोस्त दोस्त ना रहा’ फिल्म संगम का गीत है, जिसे मुकेश ने गाया था। इसका संगीत शंकर-जयकिशन और बोल शैलेंद्र ने लिखे थे।
बॉलीवुड और तमिल सिनेमा का बड़ा बाजार है मलेशिया
मलेशिया में भारतीय सिनेमा की लोकप्रियता काफी पुरानी है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, वहां करीब 27.5 लाख भारतीय मूल के लोग रहते हैं, जो देश की आबादी का लगभग 9% हैं। इनमें बड़ी संख्या तमिल भाषी लोगों की है।
मलेशिया में बॉलीवुड के साथ-साथ तमिल फिल्मों का भी मजबूत बाजार है। दिलवाले, जवान, पठान, कुली, गुड बैड अग्ली, गोट और अमरन जैसी फिल्मों ने वहां अच्छी कमाई की है।
2022 में बने मलेशिया के प्रधानमंत्री
अनवर इब्राहिम मलेशिया के 10वें प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने 24 नवंबर 2022 को प्रधानमंत्री पद संभाला था। इससे पहले वे देश के उपप्रधानमंत्री और विपक्ष के नेता भी रह चुके हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



