० सोहना क्षेत्र में मिला कई दिन पुराना कंकाल, फोरेंसिक जांच शुरू; गुमशुदगी के मामलों से की जा रही पहचान

गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम जिले में अरावली की पहाड़ियों के बीच रेलवे लाइन के पास एक नर कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कंकाल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल के आसपास खून के निशान मिलने से मामला संदिग्ध माना जा रहा है और पुलिस हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।


शव के नाम पर सिर्फ कंकाल मिला
पुलिस के अनुसार, स्थानीय लोगों ने सोहना क्षेत्र में एक शव पड़े होने की सूचना दी थी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि शव काफी पुराना था और पूरी तरह सड़-गल चुका था। शरीर की अधिकांश खाल हड्डियों से अलग हो चुकी थी और केवल कंकाल ही बचा था।

जांच के दौरान मृतक के शरीर पर खाकी रंग की पैंट, कमर में काले रंग की बेल्ट और जेब से गुटखे का एक पाउच बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने साक्ष्य के रूप में सुरक्षित कर लिया है।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद कंकाल को सोहना नागरिक अस्पताल भेजा, जहां से पोस्टमार्टम और वैज्ञानिक जांच के लिए गुरुग्राम रेफर किया गया है।

मृतक के पहचान में जुटी पुलिस
मृतक की पहचान के लिए पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर रही है। साथ ही आसपास के गांवों में भी पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।