हेमंत शर्मा, इंदौर। इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित भागीरथपुरा में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की हत्या कर दी। घटना के समय घर में दोनों भाई ही मौजूद थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य अस्पताल गए हुए थे। पुलिस ने आरोपी भाई को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है।
READ MORE: सड़क पर ‘इंसाफ’ या कानून हाथ में? बच्चे से छेड़छाड़ के आरोप में युवक की बीच सड़क पर पिटाई, Video वायरल
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान संदीप के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में मशीन ऑपरेटर के पद पर काम करता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संदीप और उसका भाई अजय शराब पीने के आदी थे और दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना वाली रात भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। परिजनों के अनुसार, मां और बड़ा भाई किसी परिजन को देखने अस्पताल गए हुए थे। रातभर घर में केवल संदीप और अजय ही मौजूद थे। जब सुबह परिजन वापस लौटे तो संदीप खून से लथपथ फर्श पर पड़ा मिला। यह देखकर घर में चीख-पुकार मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बाणगंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
READ MORE: जबलपुर में बड़ा हादसा: देखते ही देखते भरभराकर गिरी 4 मंजिला बिल्डिंग, बाजार बंद होने से बची सैकड़ों जान
हैरानी की बात यह रही कि हत्या करने के बाद भी आरोपी अजय मौके से फरार नहीं हुआ और घर में ही मौजूद मिला। पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और शराब के नशे में हुई कहासुनी को हत्या की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि नशे की लत किस तरह परिवारों को तबाह कर रही है। मामूली विवाद में एक भाई ने दूसरे भाई की जान ले ली और एक ही पल में पूरा परिवार बिखर गया। फिलहाल बाणगंगा थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

