विकास कुमार, सहरसा। बिहार के सहरसा में एक दोस्त ने अपने ही दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। घटना सदर थाना क्षेत्र के गौतम नगर वार्ड न 11 की बताई जा रही है। वहीं, सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ पंकज कुमार सिंह दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजकर मामले की जांच पड़ताल में जुट गए।
आरोपी युवक ने फोन कर दी जानकारी
मृतक युवक की पहचान अभिजीत सिंह राजपूत के रूप में हुई है। घटना को लेकर मृतक के मित्र आशीष कुमार सिंह ने बताया की आर्यन नामक युवक ने मृतक के छोटे भाई को और हमको फोन कर घटना का सूचना दिया, जब हम मृतक के घर पर पहुंचा तो मेन गेट खुला हुआ था और बरामदा के गेट में ताला लगा हुआ था। खिड़की से झांक कर देखा, तब पता चला की उनकी हत्या कर दी गई है।
दो दिन पहले ही कर दी गई थी हत्या
मिली जानकारी के अनुसार युवक की हत्या दो दिन पहले ही कर दी गई थी। उसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब गेट का ताला तोड़ा और अंदर कमरे में गई तो पता चला की युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। उसके शव को तकीये से ढंक कर रखा गया था। अंदाजा लगाया जा रहा है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी हत्यारा पिछले दरवाजे से फरार हो गया होगा। मृतक युवक के मित्र का कहना है कि, पैसे के लेन-देन को लेकर आर्यन नामक युवक ने अभिजीत सिंह राजपूत की हत्या की है।
जांच पड़ताल में जुटी पुलिस
वहीं, घटना स्थल पर मौजूद एसडीपीओ पंकज कुमार सिंह ने बताया की प्रथम दृष्टया ये हत्या का मामला प्रतित हो रहा है। युवक का शव उसके घर के अंदर से बरामद किया गया है और गोली मारकर ही हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि, परसों (16, सितंबर) रात में मृतक युवक किसी पार्टी में गया था। पार्टी से आने के बाद ही तकरीबन 2 बजे रात में उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- कैमूर में दर्दनाक हादसा: आमने-सामने दो बाइकों की टक्कर में तीन लोगों की मौत, दो घायल



