प्रमोद कुमार, कैमूर। जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में आज एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। जहां, बघीनी और बहदुरा गांव के बीच नटीनिया माई के पास दो बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क किनारे पानी से भरे बहाव में जा गिरे। इस हादसे में एक किशोर समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोगों के घायल होने की सूचना है।

मृतकों की पहचान मोहनिया थाना क्षेत्र के बघीनी गांव निवासी विकास कुमार उर्फ विकास चौधरी, पिता स्वर्गीय अवधेश चौधरी, बिट्टू कुमार, उम्र करीब 18 वर्ष, पिता रामाशंकर चौधरी और दिलखुश राय, उम्र करीब 16 वर्ष, पिता जैनुद्दीन राय के रूप में बताई गई है।

घटना को लेकर बघिनी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि कामेश्वर राम एवं मृतक विकास कुमार के चाचा अरुण चौधरी ने बताया कि, तीनों युवक किसी काम से अपने गांव से मोहनिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बघीनी और बहदुरा गांव के बीच नटीनिया माई के समीप सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क के किनारे पानी में जा गिरे।

घटना के बाद कुछ समय तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। इसी दौरान रास्ते से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर पानी में पड़े लोगों पर गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलने के बाद मोहनिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शवों का पंचनामा तैयार करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, हादसे में घायल बताए जा रहे दो लोगों को इलाज के लिए मोहनिया अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना के बाद भभुआ सदर अस्पताल में मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई,अपनों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे के बाद मृतकों के परिजनों ने प्रशासन से सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा देने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि अचानक हुए इस हादसे से परिवार के सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है।

घटना के संबंध में मोहनिया के प्रभारी एसडीपीओ दयानंद कुमार ने बताया कि दो बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हुई है। इस सड़क दुर्घटना में मोहनिया थाना क्षेत्र के बघीनी गांव के तीन युवकों की मौत हुई है। हादसे में दो अन्य लोगों के घायल होने की सूचना है। जिनका इलाज मोहनिया अनुमंडल अस्पताल में कराया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

पुलिस दुर्घटना में शामिल दोनों बाइकों और घटनास्थल की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद दुर्घटना से जुड़ी अन्य जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें- बच्चा नहीं हुआ तो जहर देकर मार डाला! विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद ससुराल पक्ष पर लगा गंभीर आरोप