Bihar Crime: बिहार के औरंगाबाद में एक विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने और साजिश के तहत हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पूरा मामला नरारी कला थाना क्षेत्र के सेंधोखाप का है। वहीं मृतका की पहचान जूली कुमारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।

बच्चा नहीं होने पर करते थे प्रताड़ित

मिली जानकारी के मुताबिक मृतका जूली कुमारी की शादी साल 2016 में सूरज कुमार के साथ हुई थी। शादी के समय मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष को करीब 7 लाख दहेज दिया था। परिजनों ने बताया कि, शादी के कुछ दिन सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में जूली को कोई संतान नहीं होने की बात को लेकर ससुराल वालों का रवैया धीरे-धीरे बदलने लगा।

मृतका के भाई पार्थिव पटेल ने बताया कि, उसकी बहन को संतान नहीं होने को लेकर उसका पति सूरज कुमार, सास चिंता देवी, ससुर राजेंद्र सिंह और दो ननद लगातार ताने देते थे, जिसे लेकर जूली मानिसिक रूप से परेशान रहती थी। इसके साथ ही उसने अपनी बहन के ससुराल वालों पर उसे शारीरिक रूप से भी प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।

परिजनों ने बताया कि जूली को संतान नहीं होने पर ससुराल वालों ने उसका इलाज नहीं कराया। मायके पक्ष के लोग ही काई बार जूली को इलाज के लिए पटना लेकर गए। विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कई बार परिवार और रिश्तेदारों के स्तर पर पंचायती भी हुई, लेकिन समझौता नहीं हो पाया।

पति का गैर महिला के साथ था अवैध संबंध

मृतका के भाई दुर्गा कुमार ने आरोप लगाया कि जूली के पति सूरज कुमार का किसी गैर महिला के साथ अवैध संबंध था। इसे लेकर भी पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। परिजनों का दावा है कि सूरज दूसरी शादी करना चाहता था। इस विवाद को खत्म करने के लिए जूली ने अपने पति को दूसरी शादी करने की अनुमति भी दी थी, लेकिन इसके बाद भी पारिवारिक विवाद खत्म नहीं हुआ।

पड़ोसियों से मिली सूचना

परिजनों ने बताया कि घटना वाले दिन सुबह 9:30 बजे जूली के पड़ोसियों से फोन पर सूचना मिली की जूली की तबीयत खराब है और लोग उसे अस्पताल लेकर गए हैं। बहन के तबीयत खराब होने की सूचना मिलने के बाद उसके भाई 10 बजे उसके ससुराल पहुंचे, जहां जूली का शव घर में फर्श पर पड़ा हुआ था।

घर में मिले सल्फास के पैकेट

मायके वालों का आरोप है कि उनके पहुंचने के बाद ससुराल पक्ष के कुछ लोग वहां से भागने लगे। घटना के समय जूली का पति सूरज कुमार घर पर नहीं था। भाइयों का दावा है कि घर में सल्फास का एक पैकेट मिला, जिसमें 10 में से पांच गोलियां नहीं थीं। इसी आधार पर उन्होंने जूली को जहर देकर मारने की आशंका जताई है।

जांच पड़ताल में जुटी पुलिस

उधर घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाइयों ने पति, सास, ससुर समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर साजिश के तहत अपनी बहन की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने प्रशासन से मामले में उचित जांच और न्याय की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस को पीएम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे वह जांच को सही दिशा आगे बढ़ा सके।

ये भी पढ़ें- औरंगाबाद में घर में घुसकर दिव्यांग युवती से दुष्कर्म, आरोपी को बचाने आए 7 लोगों पर भी FIR!