महेंद्रगढ़। जिले के नारनौल में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां ट्रेन की चपेट में आने से एक 30 साल के अज्ञात व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि व्यक्ति का शव कई टुकड़ों में बंट गया। शव के कुछ टुकड़े रेलवे ट्रैक के पास तो कुछ पास बने नाले में जा गिरे। इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है।

महत्ता चौक के पास हुआ हादसा

यह पूरी घटना शहर के महत्ता चौक के पास राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान के नजदीक बने रेलवे अंडरपास के ऊपर हुई। सुबह करीब 4 बजे यह व्यक्ति किसी मालगाड़ी की चपेट में आ गया। सुबह जब नांगल चौधरी रोड स्थित सब्जी मंडी जाने वाले लोगों ने ट्रैक के पास खून और शव के टुकड़े देखे, तो उनके होश उड़ गए। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

डायल 112 की टीम पहुंची मौके पर

सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवा डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जब आसपास जांच की तो पता चला कि ट्रैक के पास झाड़ियों और नीचे नाले में शव के टुकड़े पड़े हैं। मामला रेलवे क्षेत्र का होने के कारण तुरंत रेलवे पुलिस यानी जीआरपी को इसकी जानकारी दी गई।

बुरी तरह कटा होने के कारण पहचान नहीं हुई

जीआरपी चौकी इंचार्ज कैलाशचंद ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। शव बुरी तरह कट चुका था, जिसके कारण मौके पर उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की, मगर मृतक के बारे में कोई सुराग नहीं मिला।

अस्पताल में रखवाया गया शव

फिलहाल पुलिस ने सभी टुकड़ों को इकट्ठा कर अपने कब्जे में ले लिया है। मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है। पुलिस आसपास के थानों में गुमशुदा लोगों की जानकारी खंगाल रही है ताकि मृतक की पहचान जल्द से जल्द हो सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m