कुरुक्षेत्र। जिले में दिल्ली-जम्मू नेशनल हाईवे-44 के पास स्थित सांवला गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 40 वर्षीय व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई और उसका शव सड़क किनारे फेंक दिया गया। मृतक की पहचान राज कुमार उर्फ राजू के रूप में हुई है, जो अपने परिवार में इकलौता बेटा था।

क्या है पूरी घटना

मृतक के पिता राजेंद्र कुमार ने बताया कि बीती रात पड़ोसी गांव का एक बच्चा उनके घर आया था। उसने राजू को बताया कि बाहर कोई लड़का उसे बाइक पर लेने के लिए आया है। रात के करीब 9 बजे राजू उस युवक की बाइक पर बैठकर घर से निकल गया। घर वालों को उम्मीद थी कि वह जल्द लौट आएगा, लेकिन पूरी रात बीत जाने के बाद भी राजू वापस नहीं आया। रविवार की सुबह करीब 6 बजे गांव के ही एक व्यक्ति ने गुरुद्वारे के पास उसका शव पड़ा देखा।

गला घोंटकर हत्या का अंदेशा

परिजनों का आरोप है कि राजू की पहले बेरहमी से पिटाई की गई और फिर गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया गया। शव को देखकर लगता है कि सिर के पीछे गंभीर चोट लगी है और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी खरोंच के निशान हैं। पिता राजेंद्र का कहना है कि राजू की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उसे साजिश के तहत घर से बुलाकर बाहर ले जाया गया और सुनियोजित तरीके से हत्या कर दी गई।

पुलिस की जांच शुरू

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है और फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस उन लोगों का पता लगा रही है जो आखिरी बार राजू के साथ देखे गए थे। राजू अपने पीछे पत्नी, दो बच्चे और बुजुर्ग माता-पिता को छोड़ गया है। इकलौते बेटे की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि कातिलों का सुराग मिल सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m