पवन राय, मंडला। मध्य प्रदेश के सागर में जहरीली शराब ने कई परिवारों को उजाड़ दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद अब दूसरे जिलों में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस ने अवैध और कच्ची शराब के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। मंडला में भी पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। जिले के अलग-अलग इलाकों में पिछले कुछ दिनों में 150 से ज्यादा प्रकरण दर्ज किए गए हैं। वहीं हजारों लीटर महुआ का लहान बरामद कर मौके पर नष्ट किया गया है। सबसे बड़ी चिंता ये है कि नर्मदा और उसकी सहायक नदियों के आसपास कई जगहों पर कच्ची शराब बनाने का अवैध कारोबार किए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं।
मंडला में कच्ची शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस की नजर खास तौर पर मंडला मुख्यालय, बम्हनी और महाराजपुर समेत उन इलाकों पर है, जहां कच्ची शराब बनाने की गतिविधियों की सूचना मिलती रही है। पुलिस के मुताबिक, महुआ से तैयार होने वाली अवैध शराब को जल्द तैयार करने के लिए कई हानिकारक पदार्थों के इस्तेमाल की आशंका रहती है।
ये भी पढ़ें: सागर जहरीली शराब कांड का मुख्य आरोपी शॉर्ट एनकाउंटर में गिरफ्तारः पुलिस ने जंगल से दबोचा
ऐसे में बिना किसी गुणवत्ता नियंत्रण के तैयार ये शराब लोगों की जिंदगी के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकती है। इसी खतरे को देखते हुए पुलिस ने अवैध शराब बनाने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हजारों लीटर महुआ का लहान बरामद कर नष्ट किया, जबकि बड़ी मात्रा में तैयार कच्ची शराब भी जब्त की गई है। पिछले कुछ दिनों में ही जिले में 150 से ज्यादा अवैध शराब के प्रकरण दर्ज किए जाने की बात पुलिस बता रही है।
सागर की घटना ने जहरीली शराब के खतरे को एक बार फिर सामने ला दिया है। ऐसे में मंडला पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी का दावा है कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर लगातार नजर रखी जा रही है सवाल सिर्फ अवैध शराब पकड़ने का नहीं, बल्कि उस पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का है, जो लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहा है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ ये अभियान आगे भी जारी रहेगा और जहां भी कच्ची शराब बनाने या बेचने की सूचना मिलेगी, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी। यानी मंडला में पुलिस ने साफ कर दिया है अवैध शराब का कारोबार करने वालों पर अब लगातार शिकंजा कसा जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



