पवन राय, मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। बीच सड़क पर कानून की धज्जियां तो उड़ी हीं, साथ ही सभ्य समाज की संवेदनशीलता भी पूरी तरह दम तोड़ती नजर आई। यहां एक युवक दूसरे व्यक्ति को कपड़े से बांधकर रिक्शे पर खींचते हुए सरेआम ले जा रहा है। सिर्फ इतना ही नहीं वह बंधे हुए व्यक्ति को रास्ते भर चप्पलों और छाते से बेरहमी से पीटता भी दिखाई दे रहा है। सबसे हैरान और विचलित करने वाली बात यह है कि वह बेबस व्यक्ति बंधा होने के बावजूद चुपचाप रिक्शा चलाता जा रहा है और सड़क पर मौजूद सैकड़ों लोग तमाशबीन बनकर इस बर्बरता का वीडियो बनाते रहे।
ये भी पढ़ें: ‘लेडी गैंग’ का गदर: हथियार लेकर घर में घुसीं महिलाएं; जमकर की तोड़फोड़, कार का किया कबाड़ा, वीडियो आया सामने!
सिर फूटा तो खुद ही बन गया ‘जज और जल्लाद’… क्या है पूरा विवाद?
इस खौफनाक और अमानवीय घटनाक्रम की कहानी किसी बात पर हुए मामूली विवाद से शुरू हुई थी। बताया जा रहा है कि रिक्शा चालक और युवक के बीच पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी दौरान रिक्शा चालक ने कथित तौर पर लाठी से हमला कर युवक के सिर पर वार कर दिया, जिससे युवक लहूलुहान हो गया।
लहूलुहान युवक ने पुलिस या कानून की मदद लेने के बजाय खुद ही सजा सुना दी। उसने कथित आरोपी रिक्शा चालक को कपड़े से बांधा और उसे सरेआम पूरे शहर में अपमानित करते हुए थाने की ओर ले जाने लगा। रास्ते भर वह घायल युवक उस बंधे हुए बुजुर्ग नुमा व्यक्ति पर अपनी लाठियां, चप्पलें और छाता बरसाता रहा।
भीड़ बनी रही मूकदर्शक… किसी का दिल नहीं पसीजा?
इस पूरे घटनाक्रम ने मंडला शहर की इंसानियत पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। जब वह लाचार व्यक्ति बंधा हुआ सरेआम पीटा जा रहा था, तब भीड़ में से एक भी हाथ उसे बचाने के लिए आगे नहीं बढ़ा। लोग अपनी गाड़ियों से गुजरते रहे, कुछ रुककर मोबाइल में वीडियो बनाते रहे लेकिन किसी ने भी कानून अपने हाथ में ले रहे उस युवक को रोकने की जहमत नहीं उठाई।
पुलिस की जांच शुरू
वीडियो के सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों और मूकदर्शकों की पहचान करने में जुट गई है।
ये भी पढ़ें: जज को मैसेज भेजने वाले संजय पाठक पर HC का फैसला सुरक्षित! क्या जेल जाएंगे विधायक या मिलेगी माफी?
रिक्शा चालक ने जो किया वह अपराध था और उसकी सजा तय करना अदालत का काम है। लेकिन जिस तरह घायल युवक ने खुद को ‘जज और जल्लाद’ समझकर कानून को सड़क पर घसीटा, वह सीधे तौर पर पुलिस और न्याय व्यवस्था के मुंह पर करारा तमाचा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

