Maner Encounter: राजधानी पटना के मनेर में आज शुक्रवार की सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन अपराधी ढेर हो गए। बक्सर से राजद सांसद सुधाकर सिंह मनेर में हुए एनकाउंटर को लेकर सवाल उठाया है। सुधाकर सिंह ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, पटना के मनेर में पुलिस द्वारा तीन लोगों का एनकाउंटर बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला है। पुलिस को किसी व्यक्ति को स्वयं सजा देने का अधिकार किसने दिया?
अपराध कितना भी गंभीर क्यों न हो- सुधाकर सिंह
सुधाकर सिंह ने कहा कि, अपराध कितना भी गंभीर क्यों न हो, उसका फैसला न्यायालय करेगा, पुलिस नहीं। हम पुलिस की ऐसी किसी भी सीधी कार्रवाई के पक्ष में नहीं हैं, जिसमें न्यायिक प्रक्रिया को दरकिनार कर किसी की जान ले ली जाए। सांसद ने कहा कि, बिहार में कानून-व्यवस्था लचर अवस्था में हैं। जब पुलिस ही न्यायाधीश की भूमिका निभाने लगेगी, तो आम नागरिक के संवैधानिक अधिकारों और न्याय की गारंटी का क्या होगा?
उन्होंने कहा कि, बिलौटी के स्वर्गीय भरत तिवारी के मामले को भी नहीं भूलना चाहिए। वहां भी एसटीएफ की कार्रवाई में उनकी जान चली गई थी और बाद में मुख्यमंत्री को सार्वजनिक रूप से स्वीकार करना पड़ा था कि पुलिस से गलती हुई है। सवाल यह है कि आखिर ऐसी गलतियों की कीमत आम नागरिक अपनी जान देकर कब तक चुकाते रहेंगे?
भाई वीरेंद्र ने भी एनकाउंटर पर उठाए सवाल
एनकाउंटर पर राजद नेता भाई वीरेंद्र का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि, अगर एनकाउंटर तब होता है, जब अपराधी के तरफ से गोली चलाई जाती है और सही माने में वह अपराधी है, उस पर हमको कुछ नहीं कहना है। लेकिन आपसी रंजिश की वजह से किसी का नाम चला गया तो वह अपराधी नहीं हो सकता। अपराध पर कंट्रोल करना सरकार का काम है और अपराधी कौन है इसकी जांच भी सरकार को ही करनी है। अपराध के नाम पर सबका एनकाउंटर करना गलत बात है। सबको न्याय चाहिए।
पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड के आरोपी थे तीनों
दरअसल आज शुक्रवार की सुबह मनेर में शुक्रवार की सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन अपराधियों की गोली लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों अपराधी मनेर के पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भानु की हत्या के आरोपी थे। वहीं, मुठभेड़ में मनेर थाना के SHO रजनीश कुमार भी गोली लगने से घायल हो गए। उनके हाथ में गोली लगी है, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर गंगा घाट के पास की है। गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मोर्चा संभाल लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
ये भी पढ़ें- BJP प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने राहुल गांधी को बताया अबोध बालक, राजद और सपा पर भी साधा निशाना

