कुंदन कुमार, पटना। बिहार में संगठन को धार देने में जुटी राजद ने जिलों में अपनी पकड़ मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के लिए हम लोग लगातार बैठक कर रहे हैं। सभी जिलों में संगठन विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
‘कोई फर्क नहीं पड़ने वाला’
इस दौरान राबड़ी आवास को खाली करने से जुड़े मामले पर मंगनी लाल मंडल ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि, राबड़ी आवास पर हमारा स्टैंड क्लियर है। उनका कहना है कि बंगला नहीं खाली किया जाएगा। आवास को लेकर कोई कुछ भी बयान दें। फर्क नहीं पड़ने वाला है। उन्होंने कहा कि, इस मामले पर सरकार को अपना स्टैंड क्लियर करना होगा।
उन्होंने कहा कि 20 साल से बिहार में एनडीए का राज है, लेकिन 4 साल 5 साल की बच्चियों के साथ दुष्कर्म हो रहा है। लगातार अपराध बढ़ रहा है। बावजूद इसके उनके मंत्री कुछ से कुछ बयान दे रहे हैं, जो की पूरी तरह से गलत है। मंगनी लाल मंडल ने कहा कि, आम जनता सब कुछ देख रही है। सरकार क्या कर रही है? क्या नहीं कर रही है? जनता उनके शासन काल में पूरी तरह से परेशानी झेल रही है।
आवास किसी की बपौती नहीं- सीएम सम्राट
गौरतलब है कि राबड़ी आवास (10 सर्कुलर रोड) खाली करने को लेकर पक्ष और विपक्ष के बीच लगातार बयानबाजी जारी है। आज शेखपुरा पहुंचे सीएम सम्राट चौधरी ने भी इस मुद्दे पर अपनी बात रखते हुए बिना नाम लिए राजद पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, यह किसी की बपौती नहीं हो सकती है। यह राजतंत्र थोड़े है कि आपको जो घर मिला, उसी घर में रहेंगे। बेटा को अलग घर चाहिए और माताजी को अलग चाहिए और जनता को छोड़ दीजिए।
लालू यादव लेंगे अंतिम फैसला
फिलहाल राबड़ी देवी बंगला खाली करने के मूड में नहीं हैं। हालांकि इस बीच प्रशासन ने उन्हें बंगाल खाली करने के लिए 15 दिनों की मोहलत दी है। सूत्रों के अनुसार बंगला खाल करना है या नहीं? इसपर अंतिम फैसला राजद सुप्रीमो लालू यादव का ही होगा, जो फिलहाल अभी अपने इलाज के लिए सिंगापुर गए हुए हैं। 6 जून तक उनके पटना लौटने की उम्मीद है। कहा जा रहा है कि पटना लौटने के बाद ही लालू यादव तय करेंगे की बंगला खाली किया जाएगा या नहीं।
ये भी पढ़ें- चिराग पासवान के मंत्री संजय पासवान पर 100 बीघा जमीन कब्जाने का आरोप, DM-SP से न्याय की गुहार

