अजय शास्त्री, बेगूसराय। जिले में करीब 100 बीघा जमीन को लेकर विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। चांदपुरा थाना क्षेत्र के कैथ मुसहर बस्ती में जमीन मालिकों ने चिराग पासवान के नेता और बिहार सरकार में गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान पर गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि कुछ लोग मंत्री के नाम का इस्तेमाल कर विवादित जमीन पर कब्जा करने और खरीद-फरोख्त का दबाव बना रहे हैं।

विरोध करने पर करते हैं हमला

जमीन मालिकों का आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट, पत्थरबाजी और धारदार हथियारों से हमला किया जाता है। आरोपित खुद को मंत्री का करीबी बताते हैं और विरोध करने वालों को एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराने की धमकी भी देते हैं।

पुलिस की मौजूदगी का भी कोई असर नहीं

ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में भी जमीन पर कब्जे को लेकर तनाव और झड़प की घटनाएं हुई हैं। घटना से जुड़े कुछ वीडियो और तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें हंगामे जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने पुलिस की उदासीनता को देखते हुए डीएम और एसपी से न्याय की गुहार लगाई है।

ये भी पढ़ें- कल पटना आएंगे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, MLC उम्मीदवारों के नाम पर लग सकती है मुहर