Bihar MLC Elections: बिहार में 10 सीटों पर होने वाले विधान परिषद चुनाव को लेकर एनडीए में सीट बंटवारे और उम्मीदवारों को लेकर चर्चा तेज है। इस बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन कल 3 जून को पटना आ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार नितिन नबीन पटना दौरे पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे, जिसमें एमएलसी चुनाव के लिए बीजेपी उम्मीदवारों के नाम पर फाइनल मुहर लग सकती है। बता दें कि एमएलसी चुनाव के लिए 18 जून को मतदान होना है। वहीं, कल सोमवार से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
बीजेपी में इन नामों की चर्चा
मिली जानकारी के अनुसार फिलहाल बीजेपी उम्मीदवार को लेकर पार्टी में मंथन चल रहा है। भाजपा से जिन उम्मीदवारों के नाम की चर्चा चल रही है, उनमें राजेंद्र सिंह, ब्रजेश रमन, संजय मयूख, लाजवंती झा, धीरेन्द्र सिंह और अमृता भूषण का नाम सामने आ रहा है। इनमें से किसी तीन नेताओं को पार्टी अपना उम्मीदवार बना सकती है। मिली जानकारी के मुताबिक बीजेपी के खाते में एमएलसी की 3 सीटे आईं हैं।
इन मुद्दों पर भी हो सकती है चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, नितिन नवीन की इस बैठक को संगठनात्मक नजरिए से काफी अहम माना जा रहा है। चर्चा है कि बैठक में भाजपा की नई प्रदेश कमेटी के गठन, संगठन में जिम्मेदारियों के बंटवारे और आगामी राजनीतिक रणनीति पर मंथन हो सकता है। ऐसे में उनका पटना दौरा सिर्फ औपचारिक मुलाकात नहीं, बल्कि कई बड़े राजनीतिक संकेतों से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
चुनाव में NDA का पलड़ा भारी
राजनीतिक गणित के हिसाब से एमएलसी चुनाव में NDA का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। MLC चुनाव में एक सीट जीतने के लिए करीब 25 विधायकों के समर्थन की जरूरत होती है। एनडीए के पास कुल 202 विधायक हैं। ऐसे में एनडीए दल 8 सीटों पर आसानी से जीत दिलाने की स्थिति में हैं। वहीं, महागठबंधन के पास संख्या बल कम होने के कारण वह फिलहाल सिर्फ एक सीट पर ही मजबूत दावेदारी पेश कर सकता है।
एनडीए में सीट बंटवारे पर बनी सहमति
एमएलसी चुनाव को लेकर एनडीए में सीट बंटवारे पर लगभग सहमति बन चुकी है। सूत्रों के मुताबिक जदयू के हिस्से में सबसे अधिक 4 सीट और बीजेपी 3 सीटों पर अपने-अपने उम्मीदवार उतार सकती है। वहीं, एक-एक सीट चिराग की पार्टी LJP(R) और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी RLM को दिए जाने की चर्चा है। हालांकि जीतन राम मांझी ने भी एक सीट की डिमांड कि है, लेकिन चुनावी गणित के हिसाब से सभी 10 सीटों पर एनडीए का चुनाव जीतना संभव नहीं है, ऐसे में अब यह देखने वाली बात होगी की एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर फाइनल फैसला क्या होता है?
ये भी पढ़ें- ‘सरकारी बंगला किसी की बपौती नहीं’, राबड़ी आवास को लेकर विवाद पर CM सम्राट चौधरी का बड़ा बयान

