भिवानी। शिक्षिका मनीषा की संदिग्ध मौत मामले में न्याय की मांग को लेकर आंदोलन तेज हो गया है। सोमवार को एक दिन का अनशन करने वाले मृतका के पिता संजय कुमार ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष चार प्रमुख मांगें रखीं। एसपी ने उनकी मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाकर जल्द सीबीआई अधिकारियों के साथ बैठक कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद अनशन समाप्त कर दिया गया।
10 माह बाद भी जांच रिपोर्ट का इंतजार
गौरतलब है कि भिवानी जिले के ढाणी लक्ष्मण गांव निवासी 19 वर्षीय शिक्षिका मनीषा 11 अगस्त 2025 को रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई थीं। परिजनों की शिकायत के दो दिन बाद सिंघानी गांव के पास नहर किनारे उनका शव बरामद हुआ था। परिजनों ने शुरुआत से ही हत्या की आशंका जताई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पहले सामान्य अस्पताल, फिर पीजीआई रोहतक और बाद में एम्स दिल्ली में पोस्टमार्टम कराया गया। लगातार विरोध के बाद राज्य सरकार ने मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी थी। हालांकि, करीब 10 महीने बीतने के बावजूद जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं होने से परिजनों और ग्रामीणों में नाराजगी है।
अनशन के बाद एसपी ने दिया भरोसा
मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर 7 जून को गांव में महापंचायत आयोजित की गई थी। इसमें तय किया गया था कि यदि 29 जून तक सीबीआई जांच रिपोर्ट सामने नहीं आती, तो मृतका के पिता आमरण अनशन शुरू करेंगे।
सोमवार को अनशन के लिए निकले संजय कुमार को पुलिस ने कुड़लबास गांव के पास रोक लिया, जिसके बाद उन्होंने वहीं सड़क किनारे धरना और अनशन शुरू कर दिया। देर शाम पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार मौके पर पहुंचे और सीबीआई अधिकारियों के साथ बैठक कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना और अनशन समाप्त कर दिया गया।
परिजनों की चार प्रमुख मांगें
संजय कुमार ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष चार मांगें रखीं—
0 अब तक की सीबीआई जांच की पूरी जानकारी सार्वजनिक की जाए।
0 जिन बिंदुओं पर जांच लंबित है, उन्हें पूरा करने की समय-सीमा बताई जाए।
0 जांच की शुरुआत में शामिल रहे और बाद में स्थानांतरित किए गए सीबीआई इंस्पेक्टर को भी बैठक में शामिल किया जाए।
0 बैठक में परिवार के सदस्यों के साथ पांच सम्मानित ग्रामीणों को भी शामिल होने की अनुमति दी जाए।
संजय कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक ने उनकी सभी मांगों को संबंधित उच्च अधिकारियों तक भेजने और जल्द बैठक आयोजित कराने का भरोसा दिया है। अब परिजन सीबीआई के साथ प्रस्तावित बैठक और जांच रिपोर्ट के खुलासे का इंतजार कर रहे हैं।

