अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। बिहार में लगातार हो रही बारिश और अन्य पड़ोसी राज्यों से पानी आने के कारण प्रदेश की लगभग सभी नदियां और जलप्रपात इन दिनों उफान पर हैं। ऐसे में प्रशासन द्वारा लोगों को लगातार सतर्क रहने और नदियों व जलप्रपात केपास जाने से बचने की सलाह दे रही है। इस बीच सासाराम स्थित कैमूर पहाड़ी से एक मामला सामने आया है, जहां मांझर कुंड वाटरफॉल में अचानक तेज बहाव आने और पानी बढ़ने के कारण दो युवक पानी के बीचों बीच फंस गए।

3 घंटे तक फंसे रहे दोनों युवक

खुद को पानी से घिरता देख दोनों युवक अपने आप को बचाने के लिए वॉटरफॉल के एक ऊंचे चट्टान पर चढ़ गए। बताया जाता है कि लगभग 3 घंटे से अधिक समय तक दोनों युवक वाटरफॉल के बीच एक चट्टान पर फंसे रहे। इस दौरान कुछ पर्यटक, जो वहां घूमने के लिए गए थे, उन लोगों ने इसका वीडियो भी शूट किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल भी हो रहा है।

युवकों की लापरवाही आई सामने

प्रत्यक्षदर्शी कपिल कुशवाहा ने बताया कि, जब मांझर कुंड का पानी अचानक बढ़ने लगा, तो उन लोगों ने दोनों युवकों से जल्द से जल्द वहां से हटने के लिए कहा गया। लेकिन दोनों युवक हटने को तैयार नहीं थे। प्रत्यक्षदर्शी का यह भी कहना है कि वहां दो अन्य लड़कियां भी थी, जो रील बना रही थी। लेकिन समय रहते वह बाहर निकल गई। लेकिन दो अन्य युवक वाटरफॉल के बीचो-बीच फंस गए।

सामने आए वीडियो में देखा जा सकता हैं किस प्रकार एक ऊंचे चट्टान पर दो युवक फंसे हुए हैं। उनके चारों तरफ जलजला है। पानी ही पानी है। यह भयावह तस्वीर मांझर कुंड वाटरफॉल की बताई जा रही है। बताया जाता है कि कई घंटा तक दोनों युवक पानी के तेज धार के बीच चट्टान पर ही फंसे रहे। जब पानी कम हुई, तब जाकर यह लोग बाहर निकाल पाए।

ये भी पढ़ें- आरक्षण विवाद पर उपेंद्र कुशवाहा ने चिराग-मांझी को दी नसीहत, कर्पूरी फॉर्मूले का किया जिक्र