केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को हरियाणा की सिंचाई एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी के सरकारी आवास पर पहुंचकर मुलाकात की। इस दौरान पूर्व राज्यसभा सांसद किरण चौधरी भी मौजूद रहीं, जिससे प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा की राजनीति में सोमवार को उस समय हलचल तेज हो गई जब केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल अचानक सिंचाई एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी के सरकारी आवास पहुंचे। इस दौरान पूर्व राज्यसभा सांसद किरण चौधरी भी वहां मौजूद रहीं। करीब आधे घंटे तक चली इस मुलाकात के बाद प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
हालांकि इस बैठक को औपचारिक मुलाकात बताया जा रहा है, लेकिन तीनों नेताओं की एक साथ मौजूदगी को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान संगठन और प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। हालांकि बातचीत के विषय को लेकर किसी भी नेता की ओर से आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई।
बैठक की टाइमिंग भी सियासी मायने रखती है। किरण चौधरी का राज्यसभा कार्यकाल इसी वर्ष अप्रैल में समाप्त हुआ था और उसके बाद उन्हें पार्टी में कोई नई बड़ी जिम्मेदारी नहीं मिली है। ऐसे में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का उनके और श्रुति चौधरी के आवास पर पहुंचना कई तरह की अटकलों को जन्म दे रहा है।
राजनीतिक विश्लेषक इसे आने वाले दिनों में संगठनात्मक फेरबदल और नई जिम्मेदारियों से जोड़कर भी देख रहे हैं।
मुलाकात समाप्त होने के बाद मीडिया से बातचीत में मनोहर लाल ने केवल संसद सत्र की कार्यवाही पर ही टिप्पणी की और बैठक के संबंध में कुछ भी कहने से बचते नजर आए।
दिलचस्प बात यह रही कि केंद्रीय मंत्री के आवास से बाहर निकलने के समय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर भी श्रुति चौधरी के आवास पहुंचे। कुछ देर बाद वह केंद्रीय मंत्री के साथ उनकी गाड़ी में बैठकर रवाना हो गए। इस घटनाक्रम ने राजनीतिक चर्चाओं को और हवा दे दी है।
फिलहाल इस मुलाकात को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन इतना तय है कि हरियाणा की सियासत में इस मुलाकात ने सियासी पारा बढ़ा दिया है। अब राजनीतिक नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आने वाले दिनों में भाजपा संगठन और सरकार में कोई बड़ा संदेश या बदलाव देखने को मिलता है या नहीं।


