कुंदन कुमार/ पटना। ​राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सांसद मनोज झा ने बिहार की वर्तमान कानून-व्यवस्था और शासन प्रणाली पर तीखे सवाल उठाए हैं। उन्होंने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली को ‘तंत्र-मंत्र और षड्यंत्र’ से प्रेरित करार देते हुए इसे पूरी तरह से विफल बताया है।

​सुरक्षा व्यवस्था और दोहरा मापदंड

​मनोज झा ने सुरक्षा के मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए कहा कि वर्तमान शासन में मापदंड पूरी तरह से उल्टे हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा इस सरकार में उन्हें सुरक्षा दी जा रही है जिनके पीछे मच्छर भी नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए इसे सरकार की मिलीभगत और नीतिगत विफलता का संकेत बताया।

​’अनमैंडेटेड’ नेतृत्व का मुद्दा

​राज्य के राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा करते हुए झा ने सम्राट चौधरी की भूमिका पर सवाल खड़े किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नीतीश कुमार को जनता का जनादेश मिला था, लेकिन सम्राट चौधरी के नाम पर चुनाव नहीं लड़ा गया था। उन्होंने सम्राट चौधरी को अनमैंडेटेड (जनादेश विहीन) बताते हुए वर्तमान सरकार को नैतिक आधार पर चुनौती दी।

​जनता के मुद्दे बनाम राजनीतिक प्रतिशोध

​मनोज झा ने आरोप लगाया कि सरकार का पूरा ध्यान केवल लालू प्रसाद यादव तेजस्वी यादव और राबड़ी देवी को अपमानित करने और गाली देने पर केंद्रित है। उन्होंने कहा अगर आप इन नेताओं को गाली देने से फुर्सत पा लें तो शायद बिहार संभल जाए। उन्होंने ईडी और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का भी आरोप लगाते हुए कहा कि ये संस्थाएं अब सरकार की जेब में काम कर रही हैं।

​आर्थिक कुप्रबंधन पर सवाल

​सरकार की वित्तीय स्थिति पर निशाना साधते हुए झा ने पूछा कि बिहार की महिलाओं के लिए आवंटित 1 लाख 90 हजार करोड़ रुपये का क्या हुआ? उन्होंने मुख्यमंत्री के बंगले के सौंदर्यीकरण और काफिले की विलासिता पर आपत्ति जताते हुए कहा कि सरकार के पास अपने विलासिता के लिए धन है लेकिन राज्य में पेंशन देने के लिए फंड की कमी का बहाना बनाया जा रहा है।

​एनकाउंटर और भविष्य की चेतावनी

​अंत में मनोज झा ने राज्य में बढ़ते एनकाउंटर के मामलों पर राजद की सख्त रुख को दोहराया। उन्होंने कहा कि राजद हर उस एनकाउंटर पर सवाल उठाएगी जो संदिग्ध है। उन्होंने बिहार की जनता की सूझबूझ पर भरोसा जताते हुए कहा कि बिहार कभी भी अपराधी मानसिकता की राजनीति को पसंद नहीं करेगा और समय आने पर जनता इसका करारा जवाब देगी।