श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (SMVDSB) मंदिर के चढ़ावे के प्रबंधन में पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए मैन्युअल गिनती आने वाले दिनों में बंद करने जा रहा है. श्रद्धालुओं के चढ़ावे की गिनती और प्रबंधन की व्यवस्था अब तकनीकी रूप से सुदृढ़ होगी. LG मनोज सिन्हा के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में मैन्युअल गिनती पूरी तरह समाप्त कर कैश रीसाइक्लर मशीनों के माध्यम से प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाएगा.

मंदिर के चढ़ावे के प्रबंधन में पारदर्शिता और दक्षता के मुद्दे पर बात करते हुए सिन्हा ने कहा कि हाथ से गिनती बंद करने का सुझाव बोर्ड के एक सदस्य ने एक बैठक के दौरान दिया था.

देशभर के प्रमुख धार्मिक स्थलों में चढ़ावे की सुरक्षा, चोरी और नकदी की गिनती को लेकर उठते सवालों के बीच श्री माता वैष्णो देवी मंदिर प्रबंधन ने एक बेहद अहम और बड़ा फैसला लिया है. J&K के श्राइन बोर्ड के चेयरमैन मनोज सिन्हा ने कहा कि अगले लगभग 15 दिनों के भीतर मंदिर में नकद चढ़ावे की हाथों से होने वाली काउंटिंग बंद कर दी जाएगी. 

नई व्यवस्था को लागू करने के लिए कैश रीसाइक्लर मशीनों की स्थापना शुरू कर दी गई है. LG मनोज सिन्हा के अनुसार, दो मशीनें पहले ही स्थापित की जा चुकी हैं और शेष मशीनों को भी लगभग पंद्रह दिनों के भीतर स्थापित करने की योजना है. उन्होंने स्पष्ट किया कि नई व्यवस्था के पूरी तरह से लागू होने के बाद, चढ़ावे को संभालने और उसकी काउंटिंग करने में श्राइन बोर्ड के कर्मचारियों या बैंक अधिकारियों की कोई सीधी भूमिका नहीं होगी.

उन्होंने कहा कि इसमें इंसानी दखल को ही खत्म कर दिया गया है. श्राइन बोर्ड या बैंक के किसी भी कर्मचारी की इसमें कोई सीधी भूमिका नहीं होगी. उन्होंने यह भी कहा कि श्राइन बोर्ड की नई पहल का प्रमुख उद्देश्य केवल मशीनों से नोट गिनना नहीं, बल्कि चढ़ावा प्रबंधन की पूरी व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m