परवेज खान, यमुनानगर। ‘देश बचाओ मोर्चा’ के आह्वान पर अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में यमुनानगर से सैकड़ों किसान दिल्ली के लिए रवाना हुए। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) ने आरोप लगाया कि किसानों को रोकने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है, लेकिन प्रदर्शनकारी हर हाल में किसान घाट पहुंचकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।

अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में देश बचाओ मोर्चा के आह्वान पर यमुनानगर से सोमवार को सैकड़ों किसान दिल्ली के लिए रवाना हो गए। जिले के विभिन्न गांवों और क्षेत्रों से किसानों के जत्थे सुबह से ही राजधानी की ओर कूच करते नजर आए।

किसानों का कहना है कि दिल्ली के किसान घाट पर देशभर से पहुंच रहे किसान संगठन एकजुट होकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। उनका आरोप है कि प्रस्तावित ट्रेड डील का सीधा असर भारतीय कृषि और किसानों की आय पर पड़ सकता है।

भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के जिला प्रधान संजू गुंदियाना ने आरोप लगाया कि प्रशासन किसानों को दिल्ली पहुंचने से रोकने के लिए विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग कर रहा है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना किसानों का लोकतांत्रिक अधिकार है और इसे किसी भी कीमत पर नहीं रोका जाना चाहिए।

संजू गुंदियाना ने कहा कि यदि प्रशासन रास्ते में बाधाएं खड़ी करेगा, तब भी किसान पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि किसान हर बैरिकेड पार कर अपनी मांगों को मजबूती से सरकार के सामने रखेंगे।

किसान नेताओं के मुताबिक, यमुनानगर के अलग-अलग इलाकों से किसानों के कई जत्थे दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं। अब दिल्ली में होने वाले इस प्रदर्शन और प्रशासन की तैयारियों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।