० जगाधरी में संदिग्ध हालात में 22 वर्षीय महिला की मौत, पति और सास पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज

यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर जिले के जगाधरी स्थित विजय नगर कॉलोनी में एक 22 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। मृतका की मां ने बेटी की मौत के लिए दहेज प्रताड़ना को जिम्मेदार ठहराते हुए पति और सास पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में बिहार के सीतामढ़ी जिले की रहने वाली रेखा देवी ने बताया कि उनकी बेटी अंजली की शादी वर्ष 2023 में विजय नगर कॉलोनी निवासी रामविनय शाह से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति दहेज कम लाने की बात कहकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था।


मृतका की मां ने लगाए आरोप
शिकायत के अनुसार, पहली संतान के रूप में बेटी होने के बाद अंजली को और अधिक ताने दिए जाने लगे। वहीं दूसरी बार भी बेटी के जन्म के बाद पति और सास द्वारा कथित रूप से प्रताड़ना बढ़ा दी गई। इससे परेशान होकर अंजली ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

मृतका की मां की शिकायत पर शहर जगाधरी थाना पुलिस ने पति और सास के खिलाफ दहेज प्रताड़ना सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।