वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र स्थित सिपाह गांव में 21 वर्षीय विवाहिता अंजू कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने उसके पति और ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई गई है।
मृतका के पिता अस्थावां थाना क्षेत्र के उगावां निवासी सत्येन्द्र प्रसाद के अनुसार, उनकी बेटी अंजू की शादी वर्ष 2023 में सिपाह गांव निवासी विष्णु प्रसाद के बेटे मुकेश कुमार से हुई थी। अंजू का 11 महीने का एक बेटा भी है, जिसकी तबीयत खराब बताई जा रही है।
15 हजार रुपए को लेकर हुआ था विवाद
पिता के मुताबिक, उन्हें जानकारी मिली थी कि करीब 15 हजार रुपये के ऑनलाइन विवाद को लेकर अंजू और उसके पति के बीच विवाद हुआ है। विवाद के बाद से अंजू के बारे में कुछ पता नहीं चल रहा है। इसके बाद उन्होंने अपने बेटे रौशन कुमार को सिपाह भेजा। रौशन जब शाम करीब साढ़े सात से पौने आठ बजे के बीच ससुराल पहुंचा, तो उसने अंजू का शव घर के गेट के बाहर पड़ा देखा।
पिता ने जताई गला दबाकर हत्या की आशंका
मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि अंजू के गले पर गहरे काले निशान थे और इसी आधार पर उन्हें आशंका है कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। मृतका के भाई रौशन कुमार ने भी बताया कि उसे उसके जीजा मुकेश के एक दोस्त ने फोन किया था। ससुराल पहुंचने पर उसने अपनी बहन का शव घर के बाहर पड़ा देखा और ससुराल के सभी लोग वहां मौजूद थे।
ऑनलाइन गेम में 15 हजार हार गई थी अंजू
घटना की सूचना मिलते ही दीपनगर के अपर थानाध्यक्ष विमलेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि अंजू ऑनलाइन गेम खेलती थी और उसमें करीब 15 हजार रुपये हार गई थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद और कहासुनी हुई थी। पुलिस की प्रारंभिक आशंका के अनुसार, विवाद के बाद अंजू कमरे में चली गई और खुद को अंदर बंद कर छत के हुक के सहारे फांसी लगा ली।
जांच पड़ताल में जुटी पुलिस
हालांकि, मायके वालों द्वारा लगाए गए हत्या के आरोप और गले पर बताए जा रहे निशानों को देखते हुए पुलिस मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही है। साक्ष्य जुटाने के लिए FSL टीम को मौके पर बुलाया गया है। अपर थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL जांच के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी। परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि अंजू की मौत आत्महत्या है या हत्या? इसका जवाब पोस्टमार्टम, FSL जांच और पुलिस की आगे की तफ्तीश से ही सामने आएगा।
ये भी पढ़ें- गोपालगंज: पत्नी की संदिग्ध मौत के 24 घंटे बाद पेड़ से लटका मिला पति का शव, परिजनों में मचा कोहराम


