सोनू वर्मा, नूंह। नूंह जिले के सदर थाना तावडू क्षेत्र की खोरी कलां चौकी के अंतर्गत आने वाले गांव डिढ़ारा में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर मारपीट के बाद जबरन जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

मृतका के पिता रणबीर, निवासी जनाचौली (पलवल), ने बताया कि वर्ष 2012 में उन्होंने अपनी दोनों बेटियों की शादी पूरे मान-सम्मान और हैसियत के अनुसार दान-दहेज देकर की थी। लेकिन शादी के बाद से ही उनकी बेटियों को अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा। इसको लेकर कई बार पंचायतों से लेकर महिला थाने तक गुहार लगाई गई, मगर आरोपियों के व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ।
परिजनों के मुताबिक 3 मई की रात हालात बेहद गंभीर हो गए। बड़ी बेटी प्रियंका ने फोन कर सूचना दी कि उसकी बहन पूजा के साथ ससुराल पक्ष ने बेरहमी से मारपीट की है। जब तक परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक आरोप है कि पूजा को जबरन जहर पिला दिया गया था। गंभीर हालत में उसे तुरंत तावडू के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन स्थिति बिगड़ती गई। बाद में नल्हड़ अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही पूजा ने दम तोड़ दिया।
नल्हड़ अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और नल्हड़ अस्पताल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया। मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने सास सावित्री, ससुर आजाद, पति नरेंद्र, देवर बिजेंद्र और ननद के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा
वहीं चौकी खोरी कलां इंचार्ज धर्मेंद्र ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नलहड़ भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
