पंकज श्रीवास्तव, छपरा। छपरा कचहरी-मशरक-थावे रेलखंड के निरीक्षण के क्रम में पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन ने मशरक जंक्शन का गहन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया और बचे हुए निर्माण को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का सख्त निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। उन्होंने यात्री सुविधाओं के निरंतर विस्तार और संरक्षा नियमों के कड़ाई से पालन पर विशेष जोर दिया।

​12 करोड़ की लागत से हो रहा कायाकल्प

महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के प्रयासों से मशरक जंक्शन का चयन अमृत भारत स्टेशन योजना में किया गया है। लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन परिसर में विभिन्न अत्याधुनिक निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं, जिनमें से कई कार्य पूरे हो चुके हैं। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने प्लेटफॉर्म, रोशनी, दिव्यांग रैंप, स्वच्छता और कार्यालयों की स्थिति का जायजा लिया।

​संरक्षा उपकरणों और रजिस्टरों की जांच

डीआरएम ने स्टेशन की संरक्षा व्यवस्था को परखते हुए पैनल इंटरलॉकिंग, सिग्नल, डिस्प्ले, संचार उपकरण, रिले रूम, ओएफसी रूम और आईपीएस रूम की कार्यशीलता जांची। उन्होंने स्टेशन मास्टर और पॉइंट्समैन से परिचालन नियमों से जुड़ी जानकारी ली तथा कर्मचारियों की तत्परता और संबंधित रजिस्टरों की समीक्षा की।

​अधूरे शौचालय और फायर सेफ्टी पर हिदायत

निरीक्षण के दौरान पे एंड यूज शौचालय का काम अधूरा मिलने पर डीआरएम ने उसे अविलंब पूरा करने की ताकीद की। प्लेटफॉर्म पर स्थित फूड स्टॉल की जांच करते हुए उन्होंने दुकानदारों को फायर सेफ्टी के सभी नियमों का पालन करने और अग्निशमन यंत्र दुरुस्त रखने की सख्त हिदायत दी।

​स्थानीय लोगों ने सौंपी मांग-पत्र

दौरे के समय स्थानीय निवासी जगमोहन शर्मा और सुरेश सिंह ने डीआरएम को ज्ञापन सौंपकर सर्कुलेटिंग एरिया में दो हाई-मास्ट लाइट लगाने, रेलवे भूमि से अतिक्रमण हटाकर सड़क चौड़ीकरण करने और इसे एसएच-73 से जोड़ने की मांग की। साथ ही वृद्धों व दिव्यांगों के लिए अलग टिकट काउंटर खोलने का अनुरोध किया।
​इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर ब्रह्मानंद, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव सहित अन्य कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।