कुंदन कुमार, पटना। दिल्ली में हो रहे प्रदर्शनों को लेकर बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने विपक्ष पर करारा प्रहार किया है। दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि राजनीति में परिवारवाद और वंशवाद का सहारा लेने वाले तथा सोने का चम्मच लेकर पैदा होने वाले लोग देश के लोकतंत्र के लिए बहुत बड़ा खतरा हैं। उन्होंने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इन लोगों में न तो अपनी कोई क्षमता है और न ही प्रतिभा, इसीलिए ये जनता के बीच अराजकता और अशांति का माहौल फैला रहे हैं।
​विजय कुमार सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहले के बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि देश और बिहार की जनता अब पूरी तरह से जागरूक हो चुकी है। जनता इनके चेहरों और असलियत को भली-भांति पहचान चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ परिवारवादी पार्टियां अपनी खोई हुई सत्ता वापस पाने के लिए तानाशाही और जंगलराज की मानसिकता को बढ़ावा दे रही हैं और राज्य में गुंडाराज कायम करना चाहती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश की जनता सिर्फ उसी नेता पर भरोसा करती है जिसमें सच्ची प्रतिभा और क्षमता होती है जो अपने कर्म के बल पर जनता का विश्वास जीतता है।