सुमन राजपूत ,करनाल। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नीलोखेड़ी उपमंडल कार्यालय परिसर में बुधवार को व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। एसडीएम अशोक कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान के दौरान एसडीएम अशोक कुमार ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक और सामाजिक दायित्व है। यदि हर व्यक्ति अपने घर और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प ले, तो पूरा शहर साफ-सुथरा और सुंदर बन सकता है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान का उद्देश्य केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में स्वच्छता के प्रति स्थायी जागरूकता पैदा करना भी है। स्वच्छ वातावरण बेहतर स्वास्थ्य और स्वच्छ समाज की नींव है।
अधिकारियों, कर्मचारियों और अधिवक्ताओं ने किया श्रमदान
अभियान में नायब तहसीलदार भारत भूषण, तहसील परिसर अधिवक्ता संघ के प्रधान अमित राणा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं, अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। सभी ने तहसील परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सफाई कर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
नगरपालिका कर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
नगरपालिका नीलोखेड़ी के सफाई कर्मचारियों ने भी अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। सभी प्रतिभागियों ने श्रमदान करते हुए आमजन को स्वच्छता अभियान से जुड़ने और अपने आसपास का वातावरण साफ रखने का संदेश दिया।
स्वच्छ और विकसित नीलोखेड़ी का लिया संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित नीलोखेड़ी के निर्माण का संकल्प लिया। प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम जारी रखने की बात कही, ताकि स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।

