फरीदाबाद। मेवला महाराजपुर क्षेत्र स्थित एक जूता निर्माण फैक्ट्री में गुरुवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग गुरु कृपा नामक फैक्ट्री में सुबह करीब 8 बजे लगी, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना के समय फैक्ट्री में कुछ कर्मचारी काम के लिए पहुंच चुके थे। आग की सूचना मिलते ही सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

सूचना मिलने पर दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं ताकि आग आसपास के हिस्सों में न फैल सके।

फिलहाल किसी के झुलसने या घायल होने की सूचना नहीं है। वहीं, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और फायर विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।