० शॉर्ट सर्किट से भड़की आग ने चंद मिनटों में पूरी फैक्ट्री को लिया चपेट में, 60 टन कच्चा और 10 टन तैयार माल खाक

पानीपत। हरियाणा के पानीपत में सोमवार तड़के एक खिलौनों में इस्तेमाल होने वाली फाइबर बनाने की फैक्ट्री में भीषण आग लगने से भारी नुकसान हो गया। काबड़ी रोड स्थित अर्जुन नगर में लगी इस आग ने देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में लाखों रुपये का कच्चा और तैयार माल, महंगी मशीनें तथा फैक्ट्री की पूरी इमारत जलकर राख हो गई। घटना के बाद फैक्ट्री मालिक ने फायर विभाग पर समय पर नहीं पहुंचने का आरोप लगाया है।

फैक्ट्री मालिक अरुण, निवासी घरौंडा, ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे इलाके में बिजली की वोल्टेज बार-बार ऊपर-नीचे हो रही थी। इसी दौरान बिजली के पैनल में शॉर्ट सर्किट हुआ और निकली चिंगारी ने फैक्ट्री में रखी अत्यधिक ज्वलनशील फाइबर को आग पकड़वा दी। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा परिसर धुएं और लपटों से घिर गया।

अरुण के अनुसार, हादसे के समय फैक्ट्री के गोदाम में करीब 50 से 60 टन कच्चा माल और लगभग 10 टन तैयार माल रखा हुआ था। यह तैयार माल रविवार को सप्लाई के लिए भेजा जाना था, लेकिन अवकाश होने के कारण उसे सोमवार सुबह रवाना किया जाना था। इससे पहले ही आग ने पूरे स्टॉक को राख में बदल दिया।

पड़ोसी ने दी आग लगने की सूचना
घटना की जानकारी सबसे पहले पड़ोस में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला को हुई। उन्होंने आग की लपटें देखकर शोर मचाया और फैक्ट्री मालिक व फायर विभाग को सूचना दी। हालांकि फैक्ट्री मालिक का आरोप है कि सूचना के बावजूद दमकल की शुरुआती गाड़ियां काफी देर से मौके पर पहुंचीं। उनका कहना है कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच जाती, तो आग पर शुरुआती दौर में ही काबू पाया जा सकता था और नुकसान काफी कम होता।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को हादसे की वजह माना जा रहा है। वहीं, नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।