हेमंत शर्मा, इंदौर। शहर के तीन इमली चौराहे के पास स्थित एक इंटरसिटी बस डिपो में सोमवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते डिपो में खड़ी तीन बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। आग की चपेट में करीब 8 दो पहिया वाहन भी आ गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
दिन में आसमान में छा गया काला धुआं
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डिपो परिसर से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। बसों में लगी आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी।
आसपास के क्षेत्र को खाली कराया
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग तेजी से फैल रही थी, जिसके चलते पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र खाली कराया ताकि कोई बड़ा हादसा न हो सके।
आग लगने का कारण अज्ञात
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग बस डिपो में खड़ी बसों के पास से शुरू हुई थी, हालांकि आग लगने की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी के कारण आग लगी हो सकती है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना में राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग में तीनों बसें पूरी तरह जल गईं और कई दो पहिया वाहन भी राख हो गए। इससे लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस, प्रशासन और फायर विभाग की टीम मौके पर मौजूद है। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
बड़ी खबरः बाल कल्याण समिति अध्यक्ष मनीष व्यास को पद से हटाया, मंत्रालय से आदेश जारी, ये रही वजह

