रेवाड़ी। जिले के गोकलगढ़ गांव में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां टी-प्वाइंट के पास स्थित वुड स्टूडियो नाम के एक प्लाइवुड शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई। सुबह-सुबह लगी इस आग से आसपास के इलाके में भारी हड़कंप मच गया और स्थानीय दुकानदारों के बीच भी डर का माहौल बन गया। आग इतनी भयानक थी कि उसने कुछ ही देर में पूरे शोरूम और गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।
श्रमिकों की सूझबूझ से बची जान
घटना के समय शोरूम के बाहर बने गोदाम के पास 5 मजदूर सो रहे थे। जब उन्हें गर्मी और धुएं का अहसास हुआ, तो उनकी आंख खुली। उन्होंने तुरंत स्थिति को समझा और बिना देर किए शोरूम के मालिक के साथ-साथ पुलिस और दमकल विभाग को इस घटना की सूचना दी। समय रहते जानकारी मिलने से एक बड़ा हादसा टल गया और किसी भी तरह के जानमाल का नुकसान होने से बचाव हो गया।
10 गाड़ियों ने ढाई घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। आग इतनी जबरदस्त थी कि उस पर काबू पाने के लिए दमकल की 10 गाड़ियों को बुलानी पड़ी। कर्मचारियों ने करीब ढ़ाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि आग लगने की असल वजह क्या थी। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


