यमुनानगर। यमुनानगर के पांसरा गांव स्थित एक प्लाईवुड फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्ट्री परिसर धुएं के घने गुबार से भर गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
नहीं हुई कोई जनहानि
राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि आग से फैक्ट्री को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। प्रशासन और दमकल विभाग की टीम आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
पांसरा की कक्कड़ प्लाईवुड फैक्ट्री में लगी इस आग ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्थाओं और अग्निशमन इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

