अतीश दीपंकर, भागलपुर। जिले के सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर आज बुधवार रात कोयला लदी मालगाड़ी में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची तीन दमकल गाड़ियों की मदद से करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
कोयला लदी मालगाड़ी में लगी अचानक आग
जानकारी के अनुसार, सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर खड़ी कोयला लदी मालगाड़ी में अचानक आग लग गई। आग की लपटें देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना रेलवे अधिकारियों को दी। इसके बाद आरपीएफ और जीआरपीएफ के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए रेलवे स्टेशन पर मौजूद दमकल को बुलाया और सुल्तानगंज थाना को भी घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद सुल्तानगंज थाना से दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। इसके अलावा मेला क्षेत्र के कृष्णगढ़ के पास से भी दमकल की गाड़ी बुलाई गई। कुल तीन दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर पानी की बौछार की गई। करीब आधे घंटे तक चले प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
स्टेशन पर मौजूद थे बड़ी संख्या में कांवड़िया
घटना के वक्त सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर कांवड़ियों की काफी भीड़ मौजूद थी। आग लगने की घटना से वहां कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, आरपीएफ और जीआरपीएफ की तत्परता से स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया और बड़ा हादसा टल गया। कांवड़ियों और रेल यात्रियों के बाल-बाल बचने की बात कही जा रही है।
आग पर काबू पाने के बाद रेलवे अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद कोयला लदी मालगाड़ी को करीब रात साढ़े नौ बजे सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन से सुरक्षित रवाना कर दिया गया। इस दौरान मौके पर आरपीएफ, जीआरपीएफ, रेलवे विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में रेल यात्री मौजूद रहे। आग किस वजह से लगी, इसकी स्पष्ट जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। रेलवे की ओर से मामले की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें- Bihar Top News Today: बिहार में आज 12 अगस्त को क्या कुछ रहा खास? एक क्लिक में पढ़ें आज की बड़ी खबरें


