कुरुक्षेत्र। जिले के प्रसिद्ध संगमेश्वर धाम में सोमवार सुबह उस समय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, जब मंदिर परिसर में एक विशाल नाग दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि सुबह मंदिर के पुजारी पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो उन्हें नाग की तेज फुंकार सुनाई दी। पास जाकर देखने पर मंदिर परिसर में नाग बैठा नजर आया।
नाग के दिखाई देने की खबर आसपास के क्षेत्रों में तेजी से फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे। कई लोगों ने इसे आस्था से जोड़ते हुए भगवान शिव का संकेत माना और नाग के दर्शन करने के लिए मंदिर में भीड़ जुट गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने नाग का वीडियो और तस्वीरें भी अपने मोबाइल में कैद कीं। मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की। वहीं, वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि बरसात और मौसम में बदलाव के दौरान सांप अक्सर अपने बिलों से बाहर निकल आते हैं।
फिलहाल नाग को किसी प्रकार की क्षति पहुंचाए बिना सुरक्षित स्थान पर भेजने की व्यवस्था की जा रही है। घटना के बाद संगमेश्वर धाम में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

