अंबाला। क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले कथित मास्टरमाइंड को अंबाला साइबर क्राइम थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हिसार के आजाद नगर निवासी महेश कुमार को दबोचा है, जिस पर 6.90 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े लोगों की जांच में जुट गई है।
मामला अंबाला शहर के प्रेम नगर निवासी नरेंद्र कुमार की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार, महेश कुमार और उसके साथियों ने अगस्त 2022 से मार्च 2026 के बीच क्रिप्टो करेंसी में निवेश कर छह गुना मुनाफा और हर महीने दो प्रतिशत ब्याज देने का लालच देकर उन्हें अपने जाल में फंसा लिया।
घर का सोना बेचकर भी लगाए पैसे
आरोप है कि ज्यादा मुनाफे के लालच में शिकायतकर्ता ने अपनी जमा-पूंजी के अलावा दोस्तों और रिश्तेदारों से उधार लेकर तथा घर का सोना बेचकर कुल 6.90 करोड़ रुपये आरोपितों को सौंप दिए। जब निवेश की रकम वापस मांगी गई तो आरोपितों ने कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी।
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
इतनी बड़ी रकम के लेन-देन को देखते हुए पुलिस अब आरोपित के बैंक खातों, वित्तीय गतिविधियों, निवेश चैनलों और उसके संपर्क में रहे लोगों की गहन जांच कर रही है। जांच अधिकारियों का मानना है कि करोड़ों रुपये के इस कथित घोटाले में एक से अधिक लोगों की भूमिका हो सकती है।
पहले से दर्ज हैं कई मामले
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महेश कुमार के खिलाफ गुरुग्राम और भिवानी में भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। साइबर पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या उसने अन्य राज्यों में भी लोगों को भारी मुनाफे का लालच देकर इसी तरह ठगी का शिकार बनाया था।

