शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश एसटीएफ को नशीले कफ सिरप के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी अर्जुन मालवीय को एसटीएफ ने बैतूल जिले के भैंसदेही क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। अर्जुन मालवीय पर एसटीएफ ने 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। जांच में सामने आया था कि आरोपी भोपाल के बागसेवनिया क्षेत्र में “अर्जुन ट्रेडर्स” के नाम से एक डमी दुकान संचालित कर रहा था। इसी दुकान की आड़ में वह नशीले कफ सिरप की अवैध बिक्री और सप्लाई का नेटवर्क चला रहा था।
READ MORE: दुष्कर्म पीड़िता की इच्छा का सम्मान: हाई कोर्ट से मिली मां बनने की अनुमति, बच्चे के पालन-पोषण का खर्च उठाएगी सरकार
एसटीएफ की टीम आरोपी की लगातार तलाश कर रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस की गई, जिसके बाद बैतूल के भैंसदेही में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ में नशीले कफ सिरप के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है। एसटीएफ अब पूरे गिरोह की गतिविधियों और सप्लाई चेन की जांच में जुटी हुई है।
अर्जुन ट्रेडर्स के नाम से लिया था लाइसेंस
STF को जांच के दौरान पता चला कि बागसेवनिया स्थित सुरेंद्र पैलेस में अर्जुन ट्रेडर्स के नाम से ड्रग लाइसेंस लिया था। इसी लाइसेंस के माध्यम से ऑनरेक्स कफ सिरप की खरीद-बिक्री के दस्तावेज तैयार किए जा रहे थे। जांच में सामने आया कि मौके पर मौजूद दुकान केवल दिखावे के लिए थी।

