सोनीपत, 11 अगस्त। मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, द्वारका की ओर से सोनीपत के सक्सेना हॉस्पिटल में विशेष ऑन्कोलॉजी ओपीडी सेवाएं शुरू की गई हैं। मंगलवार को इन सेवाओं का शुभारंभ मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, द्वारका के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग के सीनियर डायरेक्टर एवं यूनिट हेड डॉ. कुलदीप शर्मा, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के डायरेक्टर एवं यूनिट हेड डॉ. संजीव कुमार, सक्सेना मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, सोनीपत के डायरेक्टर एवं मिनिमल एक्सेस सर्जन डॉ. अखिल सक्सेना तथा डायरेक्टर, डायबेटोलॉजिस्ट एवं आईसीयू स्पेशलिस्ट डॉ. दिव्या सक्सेना की मौजूदगी में किया गया।

ओपीडी में मैक्स हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सक नियमित रूप से मरीजों को परामर्श देंगे। डॉ. संजीव कुमार हर महीने के पहले मंगलवार और डॉ. कुलदीप शर्मा हर महीने के दूसरे मंगलवार को सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक सक्सेना हॉस्पिटल में उपलब्ध रहेंगे। मरीज यहां प्राथमिक परामर्श के साथ फॉलो-अप और उपचार संबंधी सलाह भी ले सकेंगे।

इस अवसर पर डॉ. कुलदीप शर्मा ने कहा कि ओपीडी का उद्देश्य शरीर में गांठ, खून की उल्टी, निगलने में परेशानी, बिना स्पष्ट कारण वजन कम होना और कैंसर से जुड़े अन्य गंभीर लक्षणों वाले मरीजों को समय पर विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि नई ओपीडी के माध्यम से मरीजों को व्यापक परामर्श, उपचार की योजना, फॉलो-अप और आधुनिक रेडिएशन थेरेपी तकनीकों से जुड़े उपचार के संबंध में मार्गदर्शन मिलेगा।

डॉ. संजीव कुमार ने कहा कि जागरूकता की कमी के कारण कई लोग कैंसर के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं और बीमारी बढ़ने के बाद अस्पताल पहुंचते हैं। उन्होंने कैंसर से बचाव, जीवनशैली में आवश्यक बदलाव और नियमित सेल्फ-एग्जामिनेशन के प्रति जागरूकता को जरूरी बताया। उनके अनुसार, आधुनिक मिनिमली इनवेसिव और रोबोटिक-असिस्टेड तकनीकों से कैंसर सर्जरी में सटीकता बढ़ी है और मरीजों को तेजी से रिकवरी में मदद मिलती है।

उन्होंने कहा कि समय पर स्क्रीनिंग से कैंसर की शुरुआती पहचान संभव है। शुरुआती और लोकलाइज्ड कैंसर में उपचार के बेहतर परिणाम मिल सकते हैं, जिससे मरीज की सर्वाइवल और जीवन की गुणवत्ता बेहतर होने की संभावना रहती है।

मैक्स हॉस्पिटल की इस पहल से सोनीपत और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को अपने शहर में ही कैंसर विशेषज्ञों से परामर्श, सेकंड ओपिनियन और एडवांस्ड ट्रीटमेंट के संबंध में मार्गदर्शन मिल सकेगा। इससे दिल्ली आने-जाने में लगने वाले समय और परेशानी को कम करने में भी मदद मिलेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m