Business Desk – Maxwell Engineering Solutions IPO Listing: मैक्सवेल इंजीनियरिंग सॉल्यूशंस के शेयर की शुक्रवार, 6 नवंबर को शेयर बाजार में शानदार लिस्टिंग हुई। कंपनी का शेयर 158 रुपए के इश्यू प्राइस के मुकाबले 263 रुपए पर लिस्ट हुआ। यानी निवेशकों को पहले ही दिन 105 रुपए प्रति शेयर या करीब 66.46% का फायदा मिला।

गुजरात की इस इंजीनियरिंग कंपनी का IPO 30 अक्टूबर से 3 नवंबर तक खुला था। 57.64 करोड़ रुपए के इस इश्यू को निवेशकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था। यह कुल 491.39 गुना सब्सक्राइब हुआ था।

491 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हुआ था IPO

Maxwell Engineering Solutions का IPO 150 से 158 रुपए के प्राइस बैंड में आया था। एक लॉट में 800 शेयर थे। कंपनी ने इस इश्यू के जरिए 57.64 करोड़ रुपए जुटाने का लक्ष्य रखा था।

IPO को सबसे ज्यादा नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों (NII) का समर्थन मिला। यह कैटेगरी 600.47 गुना सब्सक्राइब हुई थी। रिटेल निवेशकों की कैटेगरी 556.09 गुना और क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) की कैटेगरी 259.45 गुना भरी थी।

कंपनी क्या काम करती है?

Maxwell Engineering Solutions गुजरात के वडोदरा की कंपनी है। यह प्रिसिजन इंजीनियरिंग कंपोनेंट्स बनाती है। कंपनी के प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल अंडरवॉटर पेलेटाइजिंग सिस्टम में होता है। इसके तहत डाई प्लेट्स, ब्लेड और दूसरे जरूरी पुर्जे बनाए जाते हैं।

IPO से जुटाए पैसे का क्या करेगी कंपनी?

कंपनी IPO से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल नई मशीनरी और लैब उपकरण खरीदने, नई मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी और ऑफिस बनाने, कर्ज चुकाने और वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने में करेगी।