बसपा सुप्रीमो मायावती ने उत्तर प्रदेश के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अंटू मिश्रा को पार्टी से निष्कासित कर दिया है. मायावती ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी.
सतीश सिंह, लखनऊ. बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने उत्तर प्रदेश के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अंटू मिश्रा को पार्टी से निष्कासित किए जाने की जानकारी दी है. मायावती ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि अंटू मिश्रा को पार्टी विरोधी गतिविधियों आदि के चलते तत्काल प्रभाव से बसपा से निष्कासित कर दिया गया है.
मायावती ने अपने संदेश में कहा कि उत्तर प्रदेश में चुनावी माहौल गर्माने के बीच पार्टी के सभी स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को विरोधियों के हर प्रकार के साम-दाम, दंड और भेद जैसे हथकंडों से सावधान रहना होगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ बसपा के अंबेडकरवादी मिशन को आगामी विधानसभा आम चुनाव में सफल बनाने के लिए पूरी जी-जान से जुटने की अपील की.
यह भी पढ़ें: BREAKING: LDA घूसकांड में बड़ा एक्शन! 11 इंजीनियरों और 1 PCS अफसर के खिलाफ विजिलेंस जांच शुरू
अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अंटू मिश्रा बसपा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे हैं और लंबे समय तक मायावती के करीबी नेताओं में उनकी गिनती होती रही है. 2024 में भी उनके भाजपा में शामिल होने को लेकर चर्चा तेज हुई थी और वह भाजपा कार्यालय तक पहुंचे थे, हालांकि अंतिम समय में उनकी ज्वाइनिंग नहीं हो सकी थी.
मायावती के ताजा फैसले को 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बसपा संगठन में चल रहे बदलावों से जोड़कर देखा जा रहा है. पार्टी सुप्रीमो ने अपने संदेश में स्पष्ट किया कि कार्यकर्ताओं को बाहरी दबाव और विरोधियों के हथकंडों से बचते हुए पार्टी के मिशन को आगे बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए.
अंटू मिश्रा का निष्कासन ऐसे समय हुआ है जब उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. बसपा भी संगठन को मजबूत करने और अपने अंबेडकरवादी एजेंडे को लेकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने में जुटी है.


